Exclusive: एहजम रखता था अतीक के रुपयों का हिसाब किताब, पुलिस को मिले हैं स्क्रीनशॉट, केस डायरी का बनाया हिस्सा
Atiq Ahmad Latest News : उमेश पाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है। बाल गृह से दो दिन पहले छूटे अतीक के बेटे एहजम के बारे में भी कई जानकारी सामने आई है। तीन मई को पुलिस ने अतीक के वकील सौलत को कस्टडी रिमांड पर लिया और इसी दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि अतीक की काली कमाई का हिसाब किताब न सिर्फ उसकी पत्नी शाइस्ता बल्कि उसका बेटा एहजम भी रखता था।
विस्तार
राजरूपपुर स्थित बाल गृह से एक दिन पहले छोड़ा गया एहजम पिता की अवैध कमाई से मिलने वाले रुपयों का पूरा हिसाब किताब रखता था। इस बात का खुलासा माफिया के करीबी खान सौलत हनीफ ने अपने बयान में किया है। पुलिस को सौलत के मोबाइल से चैट भी मिले हैं, जिसमें रुपयों के संबंध में एहजम ने उससे बातें की थीं। चैट के स्क्रीनशॉट भी उमेश पाल हत्याकांड की केस डायरी में शामिल किए गए हैं।
उमेश पाल के अपहरण मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद खान सौलत हनीफ को नैनी जेल भेजा गया था। इसके बाद उमेश पाल हत्याकांड में भी विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर उसे आरोपी बनाया गया। तीन मई को पुलिस ने उसे कस्टडी रिमांड पर लिया और इसी दौरान इस बात का खुलासा हुआ कि अतीक की काली कमाई का हिसाब किताब न सिर्फ उसकी पत्नी शाइस्ता बल्कि उसका बेटा एहजम भी रखता था। सौलत की निशानदेही पर पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद किए थे।
इन्हीं में से एक मोबाइल में खान सौलत हनीफ से शाइस्ता व एहजम से रुपयों के लेनदेन के संबंध में की गई चैट के स्क्रीनशॉट भी मिले। इससे पता चला कि पिता व दोनों बड़े भाइयों उमर, अली के जेल जाने के बाद एहजम रुपयों का हिसाब किताब रखने लगा था। पुख्ता सूत्रों का कहना है कि यह जानकारी सामने आने के बाद इन स्क्रीन शॉट को उमेश पाल हत्याकांड की केस डायरी में शामिल कर लिया गया है।
कई दस्तावेजों की फोटो भी भेजी थी
खान सौलत ने अपने बयान में यह भी बताया है कि उमेश की हत्या से पहले असद ने उसे एक आईफोन दिया था। उस आईफोन से उसने असद, शाइस्ता के साथ एहजम को कई दस्तावेजों की फोटो भी भेजी थी। भेजने के बाद इसे मोबाइल से डिलीट कर दिया था। सूत्रों का कहना है कि उमेश पाल हत्याकांड में एहजम की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी इस मामले में पुलिस अफसर कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।