Prayagraj News: अग्रवाल समाज में पीयूष रंजन गुट का परचम, मुरारी लाल को शिकस्त
करीब 23 वर्ष के बाद हुए अग्रवाल समाज के चुनाव में पीयूष रंजन अग्रवाल गुट ने एकतरफा जीत हासिल की है। 28 में से 27 पद पीयूष रंजन गुट को मिले। अध्यक्ष पद पर जहां पीयूष रंजन निर्वाचित हुए तो वहीं महामंत्री पद पर अभिषेक मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल निर्वाचित हुए।
विस्तार
करीब 23 वर्ष के बाद हुए अग्रवाल समाज के चुनाव में पीयूष रंजन अग्रवाल गुट ने एकतरफा जीत हासिल की है। 28 में से 27 पद पीयूष रंजन गुट को मिले। अध्यक्ष पद पर जहां पीयूष रंजन निर्वाचित हुए तो वहीं महामंत्री पद पर अभिषेक मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मनोज अग्रवाल निर्वाचित हुए। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद पर मनीष गोयल एवं सहकोषाध्यक्ष पद पर मुकेश अग्रवाल विजयी रहे।
अध्यक्ष पद निर्वाचित हुए पीयूष रंजन अग्रवाल को 380 मत मिले। वहीं मुरारी लाल अग्रवाल को 195 मत ही हासिल हो सके। ऐसे में मुरारी लाल अग्रवाल को 182 वोटों से शिकस्त मिली। इसी तरह पीयूष रंजन गुट से वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए मनोज अग्रवाल को 369 और मुरारी गुट के दिनेश कुमार अग्रवाल को 215 मत ही मिल सके, हालांकि महामंत्री के पद के लिए टक्कर जरूर देखने को मिली। इसमें अभिषेक मित्तल से डा. नीरज अग्रवाल को 28 मतों से शिकस्त का सामना करना पड़ा। अभिषेक को 308 तो डा. नीरज को 280 मत हासिल हुए।
इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर अर्जुन अग्रवाल, आशीष गोयल, हरीश चंद्र अग्रवाल, राजेश अग्रवाल एवं राकेश कुमार अग्रवाल निर्वाचित हुए। मंत्री पद अजीत कुमार बंसल, अनुज अग्रवाल को मिला। सह मंत्री के पांच पद पर अजय कुमार अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, रतन किशोर गर्ग और संदीप अग्रवाल निर्वाचित हुए। इसी तरह कार्यकारिणी सदस्य के पद पर आदेश गोयल, अजय कुमार अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, कृशानू बंसल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, प्रमेय मित्तल, संजय अग्रवाल एवं विपुल कुमार मित्तल चुने गए। कार्यकारिणी सदस्य में सर्वाधिक 402 मत विपुल कुमार मित्तल ने हासिल किए। चुनाव परिणाम की घोषणा चुनाव अधिकारी एवं सीए नवीन चंद्र अग्रवाल ने की।
खूब मना जश्न, मिठाई बांटी, महाराज अग्रसेन की मूर्ति तक निकाला विजय जुलूस
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पीयूष रंजन अग्रवाल के गुट ने जमकर जश्न मनाया। इस दौरान सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को फूल मालाओं से लाद दिया गया। मिठाई भी बांटी गई। इसके बाद ढोल ताशे के साथ सभी निर्वाचित पदाधिकारी एवं अग्रवाल समाज के लोग जीरोरोड स्थित अग्रसेन चौक तक गए। वहां महाराजा अग्रवाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के साथ पुष्प अर्पित किए गए।
सुबह दस बजे से शुरू हुआ मतदान, पद्मश्री डा. श्याम बिहारी भी पहुंचे वोट देने
रामबाग स्थित कुंज बिहारी अतिथि गृह में मतदान की प्रक्रिया सुबह दस बजे शुरू हुई। दोपहर दो बजे तक चले मतदान में कुल 603 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल वोटरों की संख्या 1047 रही। हालांकि इसमें से 250 लोग इस दुनिया में नहीं है, जबकि 150 के आसपास वोटर ऐसे हैं जो बाहर रहते हैं। इस बीच दोपहर में पद्म श्री डा. श्याम बिहारी अग्रवाल भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा करूंगा : पीयूष
चुनाव जीतने के बाद अग्रवाल समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष पीयूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि जो संकल्प उन्होंने लिए हैं, उसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी तीन माह के भीतर अग्रसेन भवन हेतु भूमि पर अग्रिम धनराशि देकर एकरारनामा किया जाएगा। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी अग्र बंधुओं को साथ लेकर कार्य करने का संकल्प लिया।
चुनाव में किसी की जीत तो किसी की हार होनी ही है। फिलहाल पीयूष रंजन अग्रवाल और उनकी टीम को बधाई। अग्रवाल समाज के हित में जो भी कार्य होंगे, उसमें हमारी टीम पूरा सहयोग करेगी। - मुरारी लाल अग्रवाल, अध्यक्ष प्रत्याशी अग्रवाल समाज।