कीर्तिमान : हरियाणा में दम दिखाएंगी फूलपुर की बेटियां, राष्ट्रीय टीम में साक्षी, सपना, रागिनी का चयन
फूलपुर विकास खंड के बाबूगंज, बिगहियां, बैजपुर, पूरेभुलई जैसे गवईं परिवेश में रहकर फूलपुर की दर्जनों बेटियां नए-नए खेलों के प्रति जागरूक हुई हैं। इन्हीं खेलों में से एक कबड्डी खेल में भी बेटियों ने बेटों से एक कदम आगे बढ़कर पहले ब्लाक, जिला, प्रदेश और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाया है।
विस्तार
पौराणिक खेल कबड्डी में भी फूलपुर की बेटियों का कोई जवाब नहीं है। यहां की साक्षी मौर्य, सपना और रागिनी पाल ने दिल्ली में हुई राष्ट्रीय स्तर के सब जूनियर लीग प्रतियोगिता में दम दिखाने के बाद अब अगस्त महीेने में ही हरियाणा में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में भी अपना जलवा बिखेरेंगी। राष्ट्रीय कबड्डी टीम में बेटियों के चयन से फूलपुर के लोगों में खुशी का माहौल है।
फूलपुर विकास खंड के बाबूगंज, बिगहियां, बैजपुर, पूरेभुलई जैसे गवईं परिवेश में रहकर फूलपुर की दर्जनों बेटियां नए-नए खेलों के प्रति जागरूक हुई हैं। इन्हीं खेलों में से एक कबड्डी खेल में भी बेटियों ने बेटों से एक कदम आगे बढ़कर पहले ब्लाक, जिला, प्रदेश और अब राष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाया है।
फूलपुर के मंशीखुर्द गांव के रहने वाले बिजलेश भारतीय के संरक्षण में कबड्डी के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली बेटियों ने 26 से 28 जुलाई तक दिल्ली में होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय सब जूनियर कबड्डी लीग की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जहां फूलपुर की साक्षी मौर्य, सपना और रागिनी पाल का चयन हरियाणा के सोनीपत में 25 अगस्त से 2 सितंबर तक होने वाली राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हो गया। वह हरियाणा में फूलपुर का परचम लहराने का काम करेंगी। उनकी इस सफलता से कोंच रामपाल के साथ ही क्षेत्र के लोगों में भी इन बेटियों पर गर्व है।
फूलपुर तहसील के गारापुर मलाका मय भैंसाही गांव की रहने वाली 9वीं कक्षा की छात्रा साक्षी मौर्य पुत्री रामसिंह का कहना है कि उसके पिता किसान हैं। 2 वर्ष पहले विद्यालय में हुए कबड्डी खेल में प्रतिभाग से इस खेल के प्रति ललक बढ़ी और आज इस मुकाम पर है। बताया कि साल भर पहले वह तेलंगाना में हुई राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी है। - साक्षी मौर्य, कबड्डी खिलाड़ी गारापुर फूलपुर।
फूलपुर के बिगहियां गांव निवासी रामबाबू की बेटी सपना 12वीं कक्षा में पढ़ती है। पढ़ाई के साथ ही वह कबड्डी खेल में इस उद्देश्य के साथ आगे कदम बढाया है कि इससे देश स्तर पर नाम रोशन होने के साथ ही इस खेल से कैरियर भी बन सकेगा। - सपना, कबड्डी खिलाड़ी बिगहिया फूलपुर।
तहसील क्षेत्र के बैजपुर सरायचंडी गांव की रहने वाली रागिनी पाल पुत्री समरबहादुर पाल का कहना है कि गंवई परिवेश में रहकर उसने कबड्डी खेल में अपनी रूचि बढ़ाई परिवार के लोगों ने भी हौसला बढ़ाया। अब वह राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता में चयनित हुई, जिससे वह और परिजन खुश हैं। - रागिनी पाल, कबड्डी खिलाड़ी बैजपुर फूलपुर।
तेलंगाना में हुई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं साक्षी और सपना
फूलपुर की रहने वाली साक्षी मौर्य और सपना बिंद साल भर पहले तेलंगाना में हुई राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में दम दिखा चुकी हैं। कबड्डी कोंच बिजलेश भारतीय व रामपाल ने बताया कि तेलंगाना की राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में फूलपुर की दोनों बेटियों ने अपना जलवा बिखेरा और गोल्ड मेडल जीत कर फूलपुर ही नहीं उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने का काम किया। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के लोगों को फक्र हैं।
बेटों से कम नहीं हैं बेटियां - बिजलेश
फूलपुर के मंशीखुर्द गांव स्थित खेल मैदान पर बालक-बालिकाओं को कबड्डी का प्रशिक्षण देने वाले कोंच बिजलेश भारतीय ने कहा कि बेटियां बेटों से किसी मायने में कमतर नहीं हैं। चाहे वह शिक्षा, समाज और खेल का क्षेत्र हो। हर जगह बेटियां बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। जिससे क्षेत्र व समाज का नाम रोशन हो रहा है।