पुरानी पेंशन : हड़ताल के खिलाफ सिर्फ 62 रेलकर्मी, 59513 पक्ष में, स्ट्राइक बैलेट का परिणाम जारी
न्यू पेंशन स्कीम निरस्त कराए जाने एवं पुरानी पेंशन लागू किए जाने की मांग को लेकर 21 व 22 नवंबर को एनसीआर की दो मान्यता प्राप्त यूनियन इंपलाइज संघ और मेंस यूनियन की ओर से प्रयागराज, आगरा एवं झांसी मंडल में स्ट्राइक बैलेट पर रेलकर्मियों से गुप्त मतदान कराया था।
विस्तार
पुरानी पेंशन की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी हड़ताल के लिए स्ट्राइक बैलेट पर उत्तर मध्य रेलवे के 59513 कर्मचारियों ने पक्ष में वोटिंग की है। यहां सिर्फ 62 ने ही हड़ताल पर न जाने के लिए वोटिंग की है। फिलहाल, हड़ताल के पक्ष में हजारों रेलकर्मियों के समर्थन से यूनियन पदाधिकारी भी खासे उत्साहित हैं। ऐसे में अब हड़ताल का होना तय है। दिल्ली में शीर्ष पदाधिकारियों की मौजूदगी में ही हड़ताल की तिथि को लेकर निर्णय होगा। इस बीच नार्थ सेंट्रल रेलवे इंपलाइज संघ ने हड़ताल का परिणाम उत्तर मध्य रेलवे के जीएम सतीश कुमार को सौंपे जाने की बात कही है।
दरअसल, न्यू पेंशन स्कीम निरस्त कराए जाने एवं पुरानी पेंशन लागू किए जाने की मांग को लेकर 21 व 22 नवंबर को एनसीआर की दो मान्यता प्राप्त यूनियन इंपलाइज संघ और मेंस यूनियन की ओर से प्रयागराज, आगरा एवं झांसी मंडल में स्ट्राइक बैलेट पर रेलकर्मियों से गुप्त मतदान कराया था। 23 नवंबर को मतों की गणना शुरू हुई। एनएफआइआर के संयुक्त महामंत्री व नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के महामंत्री आरपी सिंह ने परिणाम जारी करते हुए बताया कि प्रयागराज, आगरा, झांसी मंडल के 98.7 फीसदी कर्मचारियों ने हड़ताल के पक्ष में वोट दिया है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज मंडल में 29910 ने (98.7 प्रतिशत) पक्ष में जबकि 308 ने विपक्ष में मतदान किया है।
झांसी में 20768 ने वोट किया, इसमें 20460 (98.5 फीसदी)ने पक्ष में जबकि 254 ने विपक्ष में मतदान किया है। इसी तरह आगरा में 9008 (98.95 फीसदी) ने पक्ष में जबकि 85 ने विपक्ष में मतदान किया है। वहीं पूरे एनसीआर में 63600 रेलकर्मियों में से 60151 ने वोट किया। 59378 (98.71 फीसदी) ने पक्ष में, जबकि 647 ने विपक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि अब हड़ताल होनी तय है। दिल्ली में एनएफआईआर-जेएफआरओपीएस के पदाधिकारियों की बैठक शीघ्र ही होगी। उसमें हड़ताल पर जाने की तिथि का एलान किया जा सकता है।
मेंस यूनियन ने कहा वोट डालने वाले 99.89 फीसदी कर्मचारी हड़ताल के पक्ष में
उत्तर मध्य रेलवे की मान्यता प्राप्त यूनियन नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन के महामंत्री आरडी यादव ने भी बृहस्पतिवार को स्ट्राइक बैलेट का परिणाम जारी किया। उन्होंने बताया कि रिजल्ट जारी करते हुए बताया कि 99.89 प्रतिशत कर्मचारी हड़ताल के पक्ष में हैं। प्रयागराज मंडल में 27847 (96.72 प्रतिशत) ने वोट किया, जबकि 28 ने विपक्ष में मतदान किया है। झांसी में 16213 ने पक्ष में जबकि 10 ने विपक्ष में मतदान किया है। यानि 98.71 ने हड़ताल के पक्ष में मत दिया है।
आगरा मंडल 8698 (98.95 प्रतिशत) ने पक्ष में जबकि 22 ने विपक्ष में मतदान किया है। हेडक्वार्टर मंडल में 6783 (98.71 प्रतिशत) ने पक्ष में जबकि 02 ने विपक्ष में मतदान किया है। इस तरह से पूरे एनसीआर में 61646 रेलकर्मियों में से 59575 ने वोट किया। 59513 (98.71 प्रतिशत) ने पक्ष में जबकि 62 ने विपक्ष में मतदान किया है।
आरडी यादव ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद हड़ताल की तिथियों का एलान होगा। कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम को पुन: लागू करने के लिए होने वाली हड़ताल के लिए समर्थन में 60 प्रतिशत मतों की आवश्यकता थी लेकिन रेलकर्मियों ने हड़ताल के पक्ष में रिकार्ड तोड़ मतदान किया। यूनियन भी कर्मचारियों के रुख से उत्साहित है और इसे अपनी पहली जीत मान रही है।