प्रयागराज : बीच सड़क पर बीए के छात्र को सरेराह घेरकर लाठी-डंडों से पीटा, अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज
सीएमपी में बीए तृतीय वर्ष का छात्र प्रशांत किराये का कमरा लेकर रहता है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता है। उसने बताया कि रात 10.30 बजे खाना खाने के बाद वह अपने दोस्त गौरव यादव के साथ टहलने निकला था।
विस्तार
कर्नलगंज के छोटा बघाड़ा में बीए अंतिम वर्ष के छात्र प्रशांत सिंह को सरेआम लाठी-डंडों से पीटा गया। दो गाड़ियों से आए हमलावरों ने उसका मोबाइल भी पटककर तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद व 7-8 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सीएमपी में बीए तृतीय वर्ष का छात्र प्रशांत किराये का कमरा लेकर रहता है। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करता है। उसने बताया कि रात 10.30 बजे खाना खाने के बाद वह अपने दोस्त गौरव यादव के साथ टहलने निकला था।
उसका आरोप है कि पूर्वांचल चौराहे के पास ढररिया निवासी प्रद्युम्न यादव दो गाड़ियों पर सवार होकर अपने सात-आठ अज्ञात साथियों संग आ गया। इसके बाद गालीगलौज करते हुए लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया। सभी हमलावर शराब के नशे में धुत थे। इस दौरान मोबाइल भी छीनकर पटक दिया। आसपास के लोग जुटे तो हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। इंस्पेक्टर विश्वजीत सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हॉस्टल गेट पर बमबाजी कर फैलाई दहशत
कर्नलगंज स्थित दो हॉस्टलों के गेट पर बमबाजी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 13 अप्रैल की रात 11.30 बजे के करीब हुई। बताया जा रहा है कि अचानक एसआरके हॉस्टल के गेट के पास एक बम आकर गिरा और जोरदार धमाका हुआ। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पीसीबी हॉस्टल के गेट पर भी एक बम फोड़ दिया गया।
घटना की जानकारी गार्ड ने दी तो हॉस्टल अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र राय व पुलिस भी आ गई। जांच पड़ताल के दौरान हॉस्टल में दो बाहरी युवक घूमते मिले जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर विश्वजीत सिंह ने बताया कि अधीक्षक की तहरीर पर अज्ञात में केस दर्ज किया गया है। पता लगाया जा रहा है कि बमबाजी किसने और क्यों की।