अभी आठ महीने मुश्किल भरा रहेगा प्रयागराज से कानपुर का सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर आने-जाने वालों के लिए अगले आठ महीने तक अभी दुश्वारियां बनी रहेंगी। जनवरी 2019 से कोखराज से चचेरी तक हाईवे को छह लेन में बदलने का काम अगले साल जुलाई में ही पूरा हो सकेगा। हालांकि लखनऊ के सफर की डगर आसान होने वाली है। रायबरेली में सई सेतु की मरम्मत का काम लगभग पूरा हो गया है। सोमवार से सामान्य यातायात शुरू हो जाएगा। जिससे रूट डायवर्जन के कारण परेशानी झेल रहे लोगों को राहत मिलेगी। इस बीच शास्त्रीपुल क्षतिग्रस्त होने से जौनपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर आने-जाने के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। मरम्मत का काम आठ नवंबर शुरू होगा।
कानपुर हाईवे हो रहा छह लेन, जुलाई 2021 तक चलेगा काम
कानपुर का सफर अगले आठ महीने तक मुश्किल भरा रहेगा। इस हाईवे को कोखराज से लेकर चचेरी तक छह लेन में तब्दील किया जा रहा है। इसकी कुल दूरी 145 किलोमीटर है। अभी यह फोरलेन था। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कानपुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज मिश्रा ने बताया कि छह लेन बनाए जाने का काम जनवरी 2019 से ही चल रहा है। यह जुलाई 2021 में पूरा होगा। हाईवे पर काम होने से कोखराज से चचेरी तक 20 से अधिक स्थानों पर रूट डायवर्जन किया गया है। जब तक काम पूरा नहीं हो जाएगा तक रूट डायवर्जन रहेगा। इससे कानपुर पहुंचने का सफर घंटों बढ़ गया है। पहले प्रयागराज से कानपुर जाने में तीन घंटे का समय लग रहा था लेकिन अब चार घंटे से भी अधिक समय लग रहा है।
इधर, यात्रियों की परेशानी को देखते हुए प्राधिकरण ने इस मार्ग पर खागा के कटोघर और फतेहपुर के बडौटी टोल प्लाजा पर लगने वाले टोल टैक्स को भी कम रखा है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर पंकज मिश्रा के मुताबिक हाईवे पर वाहनों से 2018 वाले रेट से 30 फीसदी कम शुल्क लिया जा रहा है। जब हाईवे पर सामान्य रूप से आवागमन शुरू हो जाएगा तब यह टोल टैक्स नई दरों के आधार पर वसूल किया जाएगा।
लखनऊ का सफर नौ मई से होगा सामान्य, भारी वाहनों की आवाजाही हो जाएगी शुरू
लखनऊ रूट पर दो हफ्ते से प्रभावित चल रहा सफर दो दिनों बाद सामान्य हो जाएगा। इस हाईवे पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से रायबरेली में सई सेतु पर मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसकी वजह से लखनऊ आने-जाने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया था। हल्के और भारी, दोनों तरह के वाहनों को सई सेतु से जाने पर 20 अक्तूबर से पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया था। हल्के वाहन प्रयागराज आने के लिए रायबरेली सिविंल लाइंस चौराहे से बायीं तरफ रिंग रोड से जौनपुर रोड निकलकर मुंशीगंज बाईपास से आ रहे थे। जबकि, भारी वाहन प्रयागराज की तरफ आने पर बछरावां से लालगंज, फिर ऊंचाहार होकर आ जा रहे थे।
रायबरेली से प्रयागराज की तरफ जाने वाले वाहन रायबरेली से परशदेपुर फिर सलोन से ऊंचाहार होकर आ रहे थे। प्राधिकरण के मैनेजर योगेश तिलक के मुताबिक सई सेतु पर 20 अक्तूबर से काम शुरू हुआ था, जो लगभग पूरा कर लिया गया है। इसलिए हल्के वाहनों के लिए लखनऊ के लिए आवागमन पूरी तरह से सामान्य कर दिया गया है जबकि भारी वाहनों के लिए यह व्यवस्था नौ नवंबर की सुबह आठ बजे से सामान्य होगी। भारी वाहनों को रूट डायवर्जन का सामना नहीं करना पड़ेगा।