Prayagraj : अब शुरू होगा एयरपोर्ट का विस्तार, 9500 वर्गमीटर में बनेगा नया टर्मिनल भवन
एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का मुख्य कार्य नया टर्मिनल भवन है। मौजूदा टर्मिनल भवन 6700 वर्ग मीटर में है, जबकि उसके बगल नया टर्मिनल भवन 9500 वर्गमीटर में बनाया जाएगा। इसके निर्माण के बाद यहां एक बार में 850 यात्रियों के बैठने की क्षमता हो जाएगी।
विस्तार
प्रयागराज एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य इसी सप्ताह शुरू हो जाएगा। बंगलूरू की जिस कंपनी को यहां एयरपोर्ट के विस्तार का ठेका मिला है उसके प्रतिनिधि एक-दो दिन में यहां पहुंच जाएंगे। निर्माण से संबंधी कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही विस्तारीकरण का कार्य यहां शुरू कर दिया जाएगा। एयरपोर्ट प्रशासन की तैयारी है कि अगले 15 माह में यह कार्य पूरा हो जाए।
एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का मुख्य कार्य नया टर्मिनल भवन है। मौजूदा टर्मिनल भवन 6700 वर्ग मीटर में है, जबकि उसके बगल नया टर्मिनल भवन 9500 वर्गमीटर में बनाया जाएगा। इसके निर्माण के बाद यहां एक बार में 850 यात्रियों के बैठने की क्षमता हो जाएगी।
वर्तमान में पुराने टर्मिनल भवन में एक बार में 350 यात्री ही बैठ सकते हैं, जबकि नए टर्मिनल की क्षमता 500 यात्रियों की रहेगी। इसी तरह यहां रनवे से टर्मिनल तक विमान के लिए एक और टैक्सी-वे भी बनाया जाएगा। अभी यहां एक ही टैक्सी-वे है। साथ ही वाहन पार्किंग का भी इसी अवधि में विस्तार होगा।
मौजूदा समय 200 कार एयरपोर्ट की पार्किंग में खड़ी हो सकती है। महाकुंभ के पूर्व यहां 450 कार, चार बस एवं एप पर आधारित 50 टैक्सी को खड़ा करने की क्षमता हो जाएगी। टर्मिनल भवन के सामने चार लेन की सड़क भी आठ लेन की होगी। इस पूरे कार्य की कुल लागत 173 करोड़ रुपये रहेगी।
एक साथ खड़े हो सकेंगे सात बड़े और आठ छोटे विमान
मौजूदा समय प्रयागराज एयरपोर्ट पर चार बड़े जहाज एक साथ खड़े हो सकते हैं। अब एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्य के बाद यहां सात बड़े व आठ छोटे विमान एक साथ खड़े किए जा सकेंगे। यहां एरोब्रिज की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। महाकुंभ के पूर्व यहां छह एरोब्रिज हो जाएंगे। इतनी संख्या में एरो ब्रिज प्रदेश के किसी भी एयरपोर्ट में नहीं है।
कई शहरों के लिए शुरू होनी है विमान सेवा
प्रयागराज एयरपोर्ट से कई शहरों के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होनी है। यहां से नागपुर, पटना के साथ हैदराबाद, चेन्नई, गोवा, अहमदाबाद, जयपुर, गुवाहाटी एवं जम्मू के लिए सीधी उड़ान शुरू होनी है। मौजूदा समय यहां से दिल्ली, देहरादून की दो-दो उड़ान है। इसके अलावा रायपुर, बिलासपुर, मुंबई, पुणे, भोपाल, इंदौर, भुवनेश्वर, बंगलुरू और लखनऊ की एक-एक उड़ान उपलब्ध है।