Weather : रात की बारिश और बदरी ने बढ़ाई ठंड, दिन और रात के तापमान में रहा महज सात डिग्री का अंतर
धूप न निकलने और क्रिसमस की छुट्टी होने की वजह से तमाम लोग दिन भर रजाइयों में ही कैद रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है बारिश इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़नी तय है। इस बार ठंड की शुरुआत देर से हुई है, इसलिए फरवरी महीने तक ठंड पड़ने के आसार है।
विस्तार
मौसम में आए अचानक बदलाव ने गलन के साथ ही ठंड को बढ़ा दिया है। मंगलवार आधी रात को शुरू हुई बारिश बुधवार की सुबह तक जारी रही। पूरी रात हुई रुक रुक बारिश ने ठंड के प्रकोप को बढ़ा दिया है। धूप न निकलने और क्रिसमस की छुट्टी होने की वजह से तमाम लोग दिन भर रजाइयों में ही कैद रहे। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है बारिश इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में कड़ाके की सर्दी पड़नी तय है। इस बार ठंड की शुरुआत देर से हुई है, इसलिए फरवरी महीने तक ठंड पड़ने के आसार है।
उधर बारिश की वजह से बुधवार पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। इस दौरान सर्द हवाएं भी चलती रही। आज सूरज के भी दर्शन तकरीबन नहीं हुए। प्रयागराज में बारिश की संभावना पहले से ही मौसम वैज्ञानिक जाहिर कर चुके थे। मंगलवार की आधी रात के बाद शुरू हुई बारिश के बाद शहर की सड़कों के किनारे पानी लग गया। जिसकी वजह से कई लोगों को मुसीबत उठनी पड़ी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी एक बार फिर से बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
उधर पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होने से बुधवार की सुबह काफी सर्द रही। ऐसे में सुबह के समय सैर करने वाले भी तमाम लोग अपने घर में ही रहे। मॉर्निंग वॉकर एवं कारोबारी नवीन अग्रवाल ने बताया कि बारिश की वजह से वह सुबह टहलने नहीं गए। इसी तरह अधिवक्ता रवि उपाध्याय ने कहा कि आज ठंड ज्यादा थी। छुट्टी का भी दिन था। इसलिए घर में ही रहना मुनासिब समझा।
हालांकि ठंड के कारण पिछले दिनों से लगातार पड़ रहे हल्के कोहरे का असर बुधवार की सुबह नहीं दिखा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. एचएन मिश्रा ने बताया कि पछुआ चक्रवात वर्तमान में सक्रिय है। इसके कारण ही मौसम में बदलाव हुआ है। आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है। पिछले सालों के मुकाबले अधिक समय तक पड़ेगी ठंड मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस बार लंबे समय तक ठंड पड़ने के पूरे आसार है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रह बर्फबारी के कारण भी ठंड बढ़ेगी। कई सालों बाद लोगों को इस प्रकार की ठंड देखने को मिलेगी। फिलहाल बुधवार का अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री एवं न्यूनतम 14.9 डिग्री रहा। दिन और रात के तापमान में सात डिग्री का अंतर होने से अब कयास लगाए जा रहे हैं कि न्यूनतम तापमान में अभी और गिरावट देखने को मिलेगी।