Prayagraj : आखिरकार कान्हा जी को दिलाई गई नई मुरली, चार महीने पहले हुई थी चोरी
चार महीने पहले जून के आखिरी हफ्ते में किसी की नजर कन्हैया की मुरली पर पड़ गई थी। इसे चोरी कर लिया गया था। इसके बावजूद इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली पुलिस कहती रही कि उसे तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
विस्तार
निरंजन डॉट पुल के पास राधा-कृष्ण की प्रेममयी मुद्रा वाली प्रतिमा आखिरकार पूर्ण हो गई। मुरली चोरी होने के बाद अधूरी हुई इस प्रतिमा को नई मुरली मिल गई है। मुरली प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से लगवाई गई। लेकिन सवाल यह है कि आखिर चार महीने तक पीडीए किस बात का इंतजार कर रहा था। चार महीने पहले जून के आखिरी हफ्ते में किसी की नजर कन्हैया की मुरली पर पड़ गई थी। इसे चोरी कर लिया गया था। इसके बावजूद इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली पुलिस कहती रही कि उसे तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर नगर निगम को बजट का इंतजार था। एक अदद के लिए मुरली के इंतजाम के लिए भी निगम बजट का ही इंतजार करता रह गया। उधर, दो दिन पहले इस संबंध में अमर उजाला की ओर से एक खबर प्रकाशित की गई। इसमें बताया गया कि पुलिस व नगर निगम तो उदासीन बना ही है, अचरज की बात यह है कि करोड़ों, अरबों का कारोबार करने वाले शहर के भामाशाहों ने भी सबकी सुध लेने वाले की अब तक सुध नहीं ली।
खबर छपन के बाद हरकत में आया पीडीए
खबर छपने के अगले ही दिन कन्हैया को मुरली वापस मिल गई। कन्हैया के हाथों में मुरली आ जाने के बाद प्रतिमा के पूर्ण रूप को दोबारा देखकर वहां से आने-जाने वालों का मन भी प्रफुल्लित हो गया। मंगलवार को पीडीए के कर्मचारी दोबारा मौके पर पहुंचकर प्रतिमा को ठीक करते रहे। इस बार मुरली को स्थायी रूप से प्रतिमा से जोड़ दिया गया है। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि दोबारा कोई मुरली गायब न कर सके।
निरंजन डाट पुल के पास लगी श्रीराधा कृष्ण की प्रतिमा से मुरली गायब होने की जानकारी अमर उजाला समाचार पत्र में प्रकाशित खबरे से मिली। जिसका संज्ञान लेते हुए पीडीए की ओर से तत्काल नई मुरली मूर्ति में लगवा दी गई। - अजीत कुमार सिंह, सचिव, पीडीए