NCR Railway : अंतर रेलवे जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का शुभारंभ, बड़ी संख्या में खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
महाप्रबंधक ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के आयोजन से रेलवे में खेलों को और बढ़ावा मिलेगा। खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं क्योंकि इससे हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करने और लगन की सीख मिलती है।
विस्तार
खेलगांव पब्लिक स्कूल में 14 से 16 अक्तूबर तक चलने वाली उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) की 52वीं अखिल भारतीय अंतर रेलवे जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ। खेलगांव के जिम्नास्टिक हाल में उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ एनसीआर के महाप्रबंधक सतीश कुमार और खेलगांव पब्लिक स्कूल के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. यूके मिश्रा ने किया। प्रयागराज में यह आयोजन 16 वर्षों के बाद आयोजित किया गया है।
महाप्रबंधक ने सभी टीमों और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि इस चैंपियनशिप के आयोजन से रेलवे में खेलों को और बढ़ावा मिलेगा। खेल हमारे लिए बहुत ही लाभदायक हैं क्योंकि इससे हमें समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन, समूह में कार्य करने और लगन की सीख मिलती है। खेल हमें आत्मविश्वास के स्तर का निर्माण और सुधार करना सिखाता है।
खेल से मिलती है खेल भावना की सीख
कहा कि खेल हमें जीवन में सभी कमजोरियों को हटाकर आगे बढ़ने की सीख देता है। खेल हमें टीम भावना सिखाता है, जिससे कि हमें कठिन परिस्थितियों और सभी समस्याओं से आसानी से एक साथ मिल कर निपटने में सहायता मिलती है। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे बोर्ड सहित विभिन्न स्थानों से आए खिलाड़ियों, कोच, रेफरी और अन्य ऑफिशियल्स को भी इस आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
ए के अग्रवाल के कहा कि इस प्रतियोगिता के आधार पर ही आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए भारतीय रेल की आगामी टीमें तैयार की जाएंगी। इस अवसर का लाभ उठाकर हमारे विशेषज्ञ निरंतर सभी वर्गों के खिलाड़ियों के परफॉरमेंस पर ध्यान दे सकेंगे और भारतीय रेल की एक सशक्त टीम तैयार कर पाएंगे।
रेलवे में देश के उत्कृष्ट जिम्नास्ट कार्यरत
खेलगांव के अध्यक्ष एवं संस्थापक डॉ. यूके मिश्रा ने इस आयोजन के लिए उत्तर मध्य रेलवे को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कहा कि भारतीय रेल में ही राष्ट्र के सर्वश्रेष्ठ जिम्नास्ट कार्यरत हैं। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को रेलवे द्वारा खेल तथा तैयारियों के अच्छी सुविधाएं और अवसर दिया जाता है। उन्होंने इसके लिए रेल प्रशासन को धन्यवाद दिया।
उत्तर मध्य रेलवे के जिम्नास्ट आशीष कुमार ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई और देवेश कुमार ने सभी जजों को शपह ग्रहण कराया। कराई। इस तीन दिवसीय समागम में भारतीय रेल के विभिन्न जोन से आए लगभग 55 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह के दौरान भारतीय रेल के विभिन्न जोन से आए जिम्नास्टों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर जिम्नास्टिक की विभिन्न विधाओं से अतिथिओं को परिचित कराया। धन्यवाद ज्ञापन उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ उपाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने किया।