प्रयागराज : NCCF और नैफेड ने स्टाल लगाकर 10 स्थानों पर 40 रुपये किलो की दर से बेचा टमाटर, 100 कुंतल बिके
पिछले माह से नाफेड ने मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहे हैं। पहले 70 रुपये तो उसके बाद 50 रुपये किलो की दर से टमाटर बेचा गया। अब टमाटर की कीमतों में आ रही गिरावट को देखते हुए टमाटर की दर 40 रुपये किलो में बेची जा रही है।
विस्तार
थोक एवं फुटकर में टमाटर के दाम कम होने के बाद अब सहकारी समितियां एनसीसीएफ और नाफेड की ओर से बेेचे जाने वाला टमाटर 40 रुपये किलो की दर से बेचा गया। रविवार को शहर केे दस स्थानों पर भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ लिमिटेड (नाफेड) की ओर से यह व्यवस्था की जा रही है।
दरअसल पिछले माह से नाफेड ने मूल्य वृद्धि को रोकने के लिए उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की ओर से रियायती दर पर टमाटर बेच रहे हैं। पहले 70 रुपये तो उसके बाद 50 रुपये किलो की दर से टमाटर बेचा गया। अब टमाटर की कीमतों में आ रही गिरावट को देखते हुए टमाटर की दर 40 रुपये किलो की जा रही है। रविवार को मुंडेरा, सुलेमसराय, एजी ऑफिस, खुल्दाबाद, तिकोनिया, कटरा, राजरूपपुर, झूंसी, नैनी और गऊघाट पर टमाटर की बिक्री की गई। करीब 100 कुंतल टमाटर बिक्री हुई है।
इस दौरान एक व्यक्ति को अधिकतम दो किलो ही टमाटर दिया गया। वहीं दूसरी ओर थोक मंडी मुंडेरा में टमाटर की आवक बढ़ जाने की वजह से थोक में उसका दाम 50 रुपये किलो रहा। शहर की तमाम फुटकर मंडियों में भी टमाटर का दाम 60 से 80 रुपये किलो तक हो गया है। मुंडेरा फल सब्जी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा ने बताया कि अब टमाटर की आवक बढ़ गई है।
इस वजह से उसके दाम गिर रहे हैं। अभी टमाटर का दाम और कम हो सकता है। हालांकि प्याज का दाम इस बीच बढ़ा है। मंडी में प्याज का थोक रेट 25 से 30 रुपये किलाे है। उधर शहर की फुटकर मंडियों में प्याज का दाम 40 रुपये किलो तक हो गया है।