Prayagraj : नौवीं के छात्र की सिर कूंच कर हत्या, घर से 200 मीटर दूर तालाब के किनारे मिला शव
उतरांव थाना क्षेत्र के सराय इस्माइल गांव में कक्षा नौ के छात्र की सिर कूंच कर हत्या कर दी गई। उसका शव घर से 200 मीटर दूर एक तालाब के किनारे मिला। कुछ दूर पर उसका मोबाइल पड़ा था।
विस्तार
उतरांव थाना क्षेत्र के सराय इस्माइल लाला का पूरा गांव में एक नौवीं के छात्र की फावड़े से सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार की रात हुई। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। पिता की तहरीर पर पुलिस अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
सराय इस्माइल लाला का पूरा थाना उतराव निवासी अश्वनी कुमार यादव सैदाबाद स्थित फीडर में मीटर रीडर के पद पर तैनात हैं। शनिवार को उनका बेटा शैलेश कुमार यादव (15) गांव में ही आयोजित तेरहवीं के भोज में शामिल होकर घर लौटा था। इसके बाद फिर कहीं निकल गया। काफी देर बाद घर नहीं लौटने पर परिवार वाले उसकी खोजबीन में जुट गए। रात करीब दस बजे घर से 200 मीटर की दूरी पर खेत में शैलेश कुमार का खून से लथपथ शव मिला। उसके सिर में गंभीर चोटे थीं। फरसी से सिर कूच कर उसकी हत्या की गई थी।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम डॉग स्क्वायड के साथ पहुंच गई। घटना स्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए। मृतक शैलेश कुमार मोतिहां स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज का नौवीं का छात्र था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। शैलेश की मौत से माता अनीता देवी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूत्रों की माने तो मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस पांच संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक के पिता अश्विनी कुमार यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसीपी हंडिया सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शैलेश की मौत गला दबाने से हुई है या सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल उसकी हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। पुलिस छानबीन कर रही है।
लड़की के मां-बाप समेत पांच को पुलिस ने दबोचा
गांव में चर्चा है कि शैलेश का उसके क्लास की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की के घरवाले इसको लेकर काफी परेशान थे। पहले भी आशनाई को लेकर विवाद हो चुका है। किशोर की हत्या के पीछे लड़की के परिजनों का ही हाथ माना जा रहा है। पुलिस को घटना स्थल से लड़की के पिता का चप्पल भी बरामद हुआ है। इस आधार पर पुलिस ने लड़की के मां-बाप समेत पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है।