प्रयागराज नगर निगम : 174 पार्षद प्रत्याशियों को 50 वोट के भी पड़ गए लाले
प्रयागराज नगर निगम के 100 वार्ड में इस बार 909 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। पिछले सप्ताह 13 मई को हुई मतगणना के बाद भाजपा ने सर्वाधिक 56 वार्ड जीते। दूसरे नंबर पर 18 निर्दलीय प्रत्याशी एवं तीसरे नंबर सपा रही, जिसके कुल 16 पार्षद प्रत्याशियों ने चुनाव जीता।
विस्तार
निकाय चुनाव में जहां इस बार भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों ने जहां रिकार्ड 56 वार्ड में जीत हासिल की तो वहीं चुनाव पूर्व अपनी-अपनी जीत का दावा करने वाले विभिन्न वार्ड के 174 प्रत्याशी 50 वोट का भी आंकड़ा पार न कर सके। कुल 17 पार्षद प्रत्याशी ऐसे रहे जिन्हें दस से भी कम मत मिले।
प्रयागराज नगर निगम के 100 वार्ड में इस बार 909 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई। पिछले सप्ताह 13 मई को हुई मतगणना के बाद भाजपा ने सर्वाधिक 56 वार्ड जीते। दूसरे नंबर पर 18 निर्दलीय प्रत्याशी एवं तीसरे नंबर सपा रही, जिसके कुल 16 पार्षद प्रत्याशियों ने चुनाव जीता। हालांकि वार्ड वार आंकड़ों पर गौर करें तो 290 प्रत्याशी 100 वोट भी हासिल नहीं कर सके। वहीं 17 प्रत्याशी दहाई अंक का भी आंकड़ा पार न कर सके।
दस से कम मत पाने वालाें की बात करें तो वार्ड संख्या 08 तेंदुआवन से चंपा कली को 09, वार्ड संख्या नौ सोनौटी से सूरजभान को 08, वार्ड 15 जयंतीपुर आम आदमी पार्टी के रविंद्र नाथ सिंह को 06, वार्ड 35 झलवा से जयश्री को 09, वार्ड 37 शांतिपुरम से नजमा बानो को 06, वार्ड 45 छतनाग से अवधेश यादव को 09, वार्ड 49 ट्रांसपोर्ट नगर से नेहा यादव को 02, वार्ड 50 कटका से रशिता और विवेक को 5-5 वोट मिले।
इसी तरह वार्ड 53 चक निरातुल से मदजबीन को 08, वार्ड 54 राजरूपपुर से नूर फातमा को 07, वार्ड 57 काशीराज नगर से प्रिया केसरवानी को 06, वार्ड 82 करेलाबाग रेशमा को 09, वार्ड 92 बख्शी बाजार से मो. रोशन को 07, वार्ड 97 चौक गंगादास में मो. अरमान को 03 ,वार्ड 99 गुरु तेग बहादुर नगर में नूरजहां को 07 एवं वार्ड 100 अटाला में मो. हसीन को कुल 08 मत ही मिले। ये सभी प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड में मत पाने में सबसे पीछे रहे।
वार्ड 75 झूंसी कोहना से मनीष को मिला सिर्फ एक मत
निकाय चुनाव में वार्ड 75 झूंसी कोहना से मनीष नाम के प्रत्याशी को सिर्फ एक मत ही मिला। पार्षद चुनाव में मत पाने के मामले में मनीष सभी 100 वार्ड में चुनाव लड़ने वाले 909 प्रत्याशियों में सबसे पीछे रहे। वहीं दूसरी ओर कुल 18 वार्ड ऐसे रहे जहां किसी भी प्रत्याशी के 100 से कम मत नहीं रहे।