{"_id":"658081fcf2b1ffbae00c8d53","slug":"moving-truck-caught-fire-in-front-of-gaughat-on-handia-kokraj-highway-2023-12-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाईवे पर ट्रक बना ज्वालामुखी: पहले लगी आग फिर बेकाबू होकर सड़क पर पलटा, जिंदा जला चालक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाईवे पर ट्रक बना ज्वालामुखी: पहले लगी आग फिर बेकाबू होकर सड़क पर पलटा, जिंदा जला चालक
Mon, 18 Dec 2023 11:02 PM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: अनुज कुमार
Updated Mon, 18 Dec 2023 11:02 PM IST
सार
हाईवे पर चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। जिसमें चालक जिंदा जल गया। यह मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के गऊघाट का बताया जा रहा है। हादसे के बाद सड़क पर घंटों जाम लगा रहा।
विज्ञापन
ट्रक में लगी आग (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हंडिया-कोखराज हाईवे पर गऊघाट के सामने एक चलते ट्रक में आग लग गई। इसके बाद बेकाबू ट्रक पलट गया। उसमें फंसने के कारण चालक जिंदा जल गया। ट्रक का नंबर भी स्पष्ट नहीं हो रहा है। बस इतना पता चल रहा है कि ट्रक में हरियाणा का नंबर था। पुलिस चेचिस नंबर के आधार पर ट्रक मालिक का पता लगाने में जुटी है। दो घंटे बाद ट्रक में लगी आग बुझाई जा सकी। इस कारण हाईवे पर दोनों तरफ एक किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा।
विज्ञापन
सोमवार दोपहर 3.30 बजे हंडिया-कोखराज फोरलेन स्थित गऊघाट के समीप कानपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक में आग लग गई। वह बेकाबू होकर पलट गया। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। हाईवे पर धुआं उठता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
विज्ञापन
फायरबिग्रेड कर्मियों ने करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पा सके। पुलिस को ट्रक के अंदर से एक जला शव बरामद हुआ। माना जा रहा है शव चालक का है। पुलिस उसकी शिनाख्त के लिए वाहन स्वामी से संपर्क करने में लगी है। पुलिस ने बताया कि ट्रक में मूर्तियां, ताले और प्लास्टिक के दाने लदे थे।
विज्ञापन
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
ट्रक में आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। ट्रक पलटने से चालक उसमें फंस गया और इसमें जलने से उसकी मौत हो गई। हाईवे पर वनवे ट्रैफिक होने के कारण लोग ट्रक के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।