मंसूर अली पार्क में सीएए, एनआरसी और एनपीआर के विरोध में 64वें दिन भी आंदोलन जारी रहा। रविवार को पार्क में पहुंचकर अधिवक्ताओं ने कानूनी कार्यशाला का आयोजन किया। कहा कि नोटिस से घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस की ओर से जारी नोटिस का जवाब दिया जाएगा और पुलिस किसी तरह की कार्रवाई करती है तो थाने का घेराव किया जाएगा।
आंदोलनकारियों ने कहा कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ शांति का उल्लंघन करने का आरोप लगाकर दूसरी बार नोटिस जारी की है। पहली बार 120 से अधिक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ नोटिस जारी की जबकि दूसरी बार 25 लोगों को नोटिस जारी की जा चुकी है। नोटिस आंदोलनकारियों के घरों पर भेजी जा रही है। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे इस नोटिस से डरने वाले नहीं है। उनका आंदोलन सीएए की वापसी तक जारी रहेगा। प्रदर्शन में पहुंचे अधिवक्ताओं ने कानूनी कार्यशाला का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस द्वारा भेजी गई नोटिस का जवाब देने पर अधिवक्ताओं ने सलाह दी। कहा कि जरूरत पड़ी तो वे इसके खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने अधिवक्ताओं से कई सवाल भी किए। अधिवक्ता फरहान नकवी, केके राय, राजवेंद्र सिंह, कुंवर नौशाद, चंद्रपाल सिंह, मो. कासन सहित 15 अधिवक्ताओं की टीम ने सभी के जवाब दिए। सारा अहमद, नीशू, फातिमा, शिवा, आकृति, फिजा, इरशाद उल्ला सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी शामिल रहे।