प्रयागराज : टीजीटी-पीजीटी भर्ती को लेकर बढ़ा दबाव, युवा मंच का आंदोलन 10वें दिन भी जारी, निकाला कैंडल मार्च
प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी के करीब 20 हजार रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न से विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर युवा मंच का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को धरना स्थल पर मोमबत्ती प्रदर्शन किया गया। आमरण अनशन पांचवें और अनिश्चितकालीन धरना दसवें दिन में पहुंच गया। विभिन्न शिक्षक, छात्र संगठनों और जनप्रतिनिधियों के समर्थन से आंदोलनकारियों ने सरकार पर तत्काल निर्णय लेने का दबाव बढ़ाया। देर शाम कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
विस्तार
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं इंटर कॉलेजों में रिक्त शिक्षक पदों पर भर्ती की मांग को लेकर युवा मंच का आंदोलन लगातार जोर पकड़ रहा है। बुधवार को सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर धरना स्थल पर अभ्यर्थियों ने मोमबत्ती प्रदर्शन कर सरकार से टीजीटी-पीजीटी के करीब 20 हजार रिक्त पदों पर जल्द विज्ञापन जारी करने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में बुधवार को आमरण अनशन पांचवें दिन और अनिश्चितकालीन धरना दसवें दिन में प्रवेश कर गया। आंदोलनकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में नियमावली और परीक्षा पद्धति में किए गए बदलावों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हुई है। बुधवार को देर शाम अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया।
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों के हित में करीब 20 हजार रिक्त टीजीटी-पीजीटी पदों पर पुरानी नियमावली और पुराने परीक्षा पैटर्न के आधार पर विज्ञापन जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा, केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा, सामान्य ज्ञान-सामान्य अध्ययन तथा नकारात्मक अंक व्यवस्था जैसे बदलावों को लेकर अभ्यर्थियों में असंतोष है। उन्होंने कहा कि 16 सितंबर 2025 को नियमावली में किए गए बदलाव का असर उत्तर प्रदेश के करीब सात लाख अभ्यर्थियों पर पड़ने की बात युवा मंच लगातार उठा रहा है। ऐसे में सरकार को संशोधित प्रावधानों की समीक्षा कर छात्रहित में पुरानी व्यवस्था के आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
कई संगठनों ने आंदोलन को दिया समर्थन
युवा मंच के आंदोलन को शिक्षक और छात्र संगठनों के साथ राजनीतिक क्षेत्र से भी समर्थन मिल रहा है। बुधवार को माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के डॉ. हरि प्रकाश यादव, सुरेंद्र प्रताप सिंह, संदीप शुक्ल, लक्ष्मी नारायण सिंह, देवराज सिंह, लालमणि यादव, डीपी यादव और अरुण सिंह धरना स्थल पहुंचे। कांग्रेस नेता लंदन पटेल, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष आदिल हमजा, अजीत यादव, आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा, मनीष और डॉ. अरविंद कुमार समेत अन्य लोगों ने भी आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।
पांच अभ्यर्थियों का आमरण अनशन जारी
आमरण अनशन पर शिमला पटेल, मीना देवी, रोशन सरोज, अभिषेक कुमार और प्रवीण कुमार बैठे हैं। अनशनरत अभ्यर्थियों ने सरकार से नियमावली में किए गए संशोधनों की समीक्षा करने और पुरानी नियमावली के आधार पर टीजीटी-पीजीटी भर्ती का विज्ञापन जारी करने की मांग की।
आंदोलन और तेज करने की चेतावनी
युवा मंच ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं। इसके बावजूद मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अनिल सिंह ने सरकार से अपील की कि युवाओं को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर न किया जाए और करीब 20 हजार रिक्त पदों पर विज्ञापन जारी कर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। धरना स्थल पर केडी वर्मा, सुशोभित, अखिलेश वर्मा, अमित पांडेय, प्रमोद दुबे, राकेश चौरसिया, शिवा पाण्डेय, अमित कुमार, दीपा सिंह, रिंकी चौहान, पियूषिका, ट्विंकल, पूनम, साधना सिंह, आरती सिंह, पूजा, अवंतिका सिंह, वीना राय, ज्योति सिंह, सिंटी मौर्या सहित सैकड़ों अभ्यर्थी और समर्थक मौजूद रहे।