MNNIT : बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला शव
एमएनएनआईटी में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। बृहस्पतिवार को उसका शव कमरे में छत के पंखे के सहारे लटका मिला। छात्रों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
विस्तार
मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में बीटेक (कंप्यूटर साइंस) प्रथम वर्ष के छात्र निकेश कुमार रोहिदास (22) ने बृहस्पतिवार सुबह छात्रावास में नायलॉन की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। निकेश की सेमेस्टर की अंतिम परीक्षा भी थी, लेकिन वह देने नहीं गया। आशंका है कि पढ़ाई से परेशान होकर उसने ऐसा कदम उठाया है, हालांकि शिवकुटी थाना पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है। मूलरूप से छत्तीसगढ़ के जिला जांजगीर-चांपा के गांव सिमरिया निवासी निकेश संस्थान के स्वामी विवेकानंद छात्रावास (एसवीएच) के कमरा-101 में रहता था। इस कमरे में निकेश के अलावा दो छात्र और रहते थे।
बृहस्पतिवार सुबह सेमेस्टर परीक्षा का अंतिम दिन था, लेकिन 11 बजे तक निकेश अपने कमरे से बाहर नहीं आया। दरवाजा अंदर से बंद था। पेपर देकर लौटे रूम पार्टनर छात्र कौशल ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद अन्य छात्र भी गए। इसके बाद वार्डन को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो निकेश फंदे पर लटका था। उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद साथियों को कमरा नंबर-105 में शिफ्ट कर दिया गया।
मोबाइल से पता चलेगा आत्महत्या का कारण
निकेश के पास से एक मोबाइल मिला है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मोबाइल लॉक होने से पुलिस को कोई खास साक्ष्य नहीं मिल सका है। जांच के बाद आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकता है। वहीं, पुलिस ने कमरे की वीडियोग्राफी कराई। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि, मामले में हर पहलुओं पर जांच की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.