प्रयागराज : कथक नृत्य की पारंपरिक तिहाइयों में सजे राधा-कृष्ण के महारास, सुरमई गीतों से सुहानी हुई शाम
महर्षि पतंजलि स्कूल की छात्राओं ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर मन मोह लिया। इनके बाद जयपुर से आई खुशी सक्सेना ने पारंपरिक बंदिश पर कथक की तिहाइयों में राधा-कृष्ण के महारास की प्र्स्तुति की। मुंबई से आए कीर्ति अनुराग ने भजन , गजल और फिल्मी नग्में सुनाकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया।
विस्तार
एनसीजेडसीसी में रविवार की शाम मखमली सुरों की कशिश से यादगार बन गई। गीतों-गजलों से शाम जहां महक उठी, वहीं कथक नृत्य की तिहाइयों पर खूब इतराई-इठलाई भी। मौका था सीनियर सिटीजन काउंसिल के द्वितीय वार्षिकोत्सव का।
हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शहर की सात हस्तियों को सम्मानित किया। इनमें राजीव दवे, पद्मश्री डॉ. राज बवेजा , जीके खरे, न्यायमूर्ति गिरधर मालवीय , डॉ. हरिओम अग्रवाल, ग्रुप कैप्टन महेंद्र नाथ, उद्यमी गिरधर गुलाटी शामिल थे। न्यायमूर्ति ने कहा कि वास्तव में वरिष्ठ नागरिक ही अपने जीवन के अनुभव रूपी खजाने से समाज के साथ ही पीढि़यों को संवारते हैं।
ऐसे में अगर कोई भी आपसे सुझाव मांगे तो उसे अनुभवों की पूंजी से समृद्ध करना चाहिए। इस दौरान महर्षि पतंजलि स्कूल की छात्राओं ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर मन मोह लिया। इनके बाद जयपुर से आई खुशी सक्सेना ने पारंपरिक बंदिश पर कथक की तिहाइयों में राधा-कृष्ण के महारास की प्र्स्तुति की। मुंबई से आए कीर्ति अनुराग ने भजन , गजल और फिल्मी नग्में सुनाकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। इनके बाद एनसीजेडसीसी के कलाकारों ने लोक नृत्य की मोहक प्रस्तुति की।
काउंसिल के अध्यक्ष राजीव महेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत किया गया । सचिव सीए नवीन चंद्र अग्रवाल ने संस्था के वर्ष भर के कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। इसके बाद वरिष्ठ उपाध्यक्ष न्यायमूर्ति राजेश कुमार ने आभार जताया। संचालन डॉक्टर रंजना त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से रविंद्र गुप्ता , डॉ विनय कृष्णा अग्रवाल, स्क्वायर लीडर वी के मित्तल , दिनेश रस्तोगी , सुनील धवन, वीरेंद्र सागर, नरेश राय उपस्थित थे ।