Mahakumbh : अमावस्या के पहले रेल यात्रियों को झटका, प्रयागराज नहीं आएगी हमसफर समेत चार जोड़ी ट्रेन
मौनी अमावस्या के मौके पर ट्रेनों में भारी संख्या में भीड़ जुटने का अनुमान है। इस दौरान ज्यादा से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन से शुरू होने वाली चार प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर शिफ्ट कर दिया है।
विस्तार
महाकुंभ मेले के सबसे बड़े स्नान पर्व मौनी अमावस्या को लेकर रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज से चलने वाली चार महत्वूर्ण ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त कर दिया है। 28 जनवरी से चार फरवरी तक दिल्ली हमसफर का संचालन जहां प्रयागराज की जगह सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से होगा तो वहीं प्रयागराज-डा. अंबेडकरनगर, प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस और गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन प्रयागराज जंक्शन तक नहीं होगा। हमसफर एक्सप्रेस छोड़ बाकी अन्य तीन जोड़ी ट्रेनों में जिनका रिजर्वेशन प्रयागराज से उन्हें अब अपना टिकट निरस्त करवाना होगा।
दरअसल मौनी अमावस्या के मौके पर ट्रेनों में भारी संख्या में भीड़ जुटने का अनुमान है। इस दौरान ज्यादा से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने प्रयागराज जंक्शन से शुरू होने वाली चार प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को दूसरे स्टेशनों पर शिफ्ट कर दिया है। फिलहाल 12275/122437 प्रयागराज-नई दिल्ली/आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस 28 जनवरी से चार फरवरी तक प्रयागराज जंक्शन की जगह सूबेदारगंज से चलेगी। इसी तरह 12276/22438 नई दिल्ली/आनंद विहार-प्रयागराज 28 जनवरी से चार फरवरी तक सूबेदारगंज स्टेशन तक ही आएगी।
14117 प्रयागराज-भिवानी कालिंदी एक्सप्रेस 28 जनवरी से चार फरवरी एवं 14118 भिवानी-प्रयागराज कालिंदी एक्सप्रेस भी उक्त अवधि में प्रयागराज से कानपुर के बीच दोनों ओर से निरस्त रहेगी। प्रयागराज से उज्जैन, इंदौर होकर जाने वाली 14115 डा. अंबेडकरनगर एक्सप्रेस 28, 29 जनवरी एवं 02, 03 फरवरी को प्रयागराज से खजुराहो के बीच निरस्त रहेगी। इसी तरह 14116 डा. अंबेडकरनगर-प्रयागराज एक्सप्रेस 29, 30 जनवरी एवं 03, 04 फरवरी को खजुराहो से प्रयागराज के बीच नहीं चलेगी। गाड़ी संख्या 22549/22550 गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत का संचालन 27 जनवरी से 04 फरवरी तक प्रयागराज से लखनऊ के बीच दोनों ओर से नहीं होगा।