Mahakumbh: पहले ही स्नान पर्व पर 189 स्पेशल ट्रेनों का रेलवे ने किया संचालन, रात में भी चलाई गईं स्पेशल ट्रेने
महाकुंभ के पहले अमृत स्नान पर्व पर इस बार रिकार्ड 189 स्पेशल ट्रेनों का संचालन संगम नगरी के रेलवे स्टेशनों से हुआ। सर्वाधिक 123 ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जंक्शन, छिवकी एवं नैनी स्टेशनों से चली।
विस्तार
महाकुंभ के पहले अमृत स्नान पर्व पर इस बार रिकार्ड 189 स्पेशल ट्रेनों का संचालन संगम नगरी के रेलवे स्टेशनों से हुआ। सर्वाधिक 123 ट्रेनें उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जंक्शन, छिवकी एवं नैनी स्टेशनों से चली। इस दौरान तकरीबन छह लाख यात्रियों ने प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों से सफर किया।
महाकुंभ मेले में स्पेशल ट्रेनों की आवाजाही इस बार कुंभ 2019 के मौनी अमावस्या पर्व से भी ज्यादा हुई। मंगलवार की रात 12 बजे बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता रहा। एनसीआर द्वारा 101 ट्रेनें यहां से चलाई गई, जबकि यहां आने वाली स्पेशल की संख्या 22 रही। इसी तरह पूर्वोत्तर रेलवे ने 46 ट्रेनें रामबाग एवं झूंसी से और उत्तर रेलवे ने 20 स्पेशल का संचालन प्रयाग एवं फाफामऊ स्टेशन से किया।
महाकुंभ के मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने टोल फ्री नंबर, वेब पोर्टल और कुंभ रेल सेवा ऐप की सुविधा दी थी जिसे हजारों श्रद्धालुओं ने देखा और इसका लाभ उठाया। 94 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अब तक कुंभ रेल सेवा पोर्टल को विजिट किया है। नौ हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने कुंभ रेल सेवा ऐप को मोबाइल में इंस्टाल किया है। इसके अलावा 5700 से अधिक श्रद्धालुओं ने रेलवे की टोल फ्री नंबर 1800 4199 139 पर काल किया। साथ ही 572 श्रद्धालुओं ने मकर संक्रांति के दिन टोल फ्री नंबर 1800 4199 139 पर कॉल कर महाकुंभ संबंधी जानकारी ली।
5031 श्रद्धालुओं का हुआ प्राथमिक उपचार
0 महाकुंभ के मौके पर रेलवे की चिकित्सा विभाग ने मकर संक्राति के दिन 5031 श्रद्धालुओं का प्राथमिक उपचार किया। अगर 11 जनवरी से 14 जनवरी तक के आंकड़े को जोड़े तो 11208 श्रद्धालुओं को चिकित्सीय सेवा दी गई। इस दौरान विभिन्न स्टेशनों पर बनाए गए आबाजर्वेशन रूम में भी गंभीर स्थित में पहुंचे नौ श्रद्धालुओं इलाज किया गया।