Mahakumbh Fire: महाकुंभ में फिर लगी आग,15 कॉटेज राख, कोई हताहत नहीं, डोम सिटी में भी उठीं लपटें
महाकुंभ मेले मे सेक्टर 22 के छतनाग में स्थित टेंट सिटी में बृहस्पतिवार को आग लग गई। देखते ही देखते दर्जन भर से अधिक टेंट जलकर राख हो गए। यहां पर 40 टेंट बनाए गए हैं। इसी तरह मेला क्षेत्र के सेक्टर 25 स्थित डोम सिटी में भी आग लग गई है।
विस्तार
महाकुंभ मेला के सेक्टर 22 स्थित टेंट सिटी में बृहस्पतिवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे 15 स्विस कॉटेज राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग के वक्त कॉटेज के अंदर कोई नहीं था।
छतनाग गांव सेक्टर 22 में ही आता है, जहां गंगा तट दिल्ली के एक कंपनी ने टेंट सिटी बनाई है। इसमें 150 से ज्यादा स्विस कॉटेज बनाए गए हैं। विदेशियों के साथ ही अप्रवासी भारतीय और कई प्रदेशों के लोग यहां बुकिंग कराकर रह रहे हैं।बृहस्पतिवार की दोपहर तकरीबन दो बजे अचानक आग लगी और देखते ही देखते तेज लपटें उठने लगीं। परिसर में मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग बाहर की ओर भागे। कुछ देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद ही टेंट सिटी के कर्मचारी सक्रिय हुए और वहां मौजूद विदेशियों को वाहनों में बैठाकर शहर की ओर भेज दिया। हादसे में तकरीबन एक से डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान बताया गया है।
कछार में बन गई टेंट सिटी, पुलिस को पता नहीं
महाकुंभ के नाम पर झूंसी के छतनाग गांव के किनारे तकरीबन पांच बीघे में करोड़ों की लागत से टेंट सिटी बसाई गई है। लेकिन संबंधित थाने को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। पता चला है कि महाकुंभ मेला प्रशासन की ओर से उसे अनुमति भी नहीं मिली है।
दिल्ली की कंपनी की ओर से बसाई गई टेंट सिटी में इस वक्त विदेशियों के साथ दर्जनों अप्रवासी भारतीय ऑनलाइन बुकिंग कराकर पहुंच रहे हैं। टेंट सिटी की ओर जाने वाला कच्चा रास्ता भी ठीक नहीं है। कॉटेज में एक रात की कीमत 25 से 30 हजार रुपये तक वसूली जा रही है। एसओ झूंसी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टेंट सिटी को बसाने के लिए मेला प्रशासन को पत्र दिया गया था, लेकिन वहां से अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद बसाई गई टेंट सिटी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
टेंट सिटी के कर्मचारी हुए फरार
आग बुझाने के बाद वहां के लोगों को अन्यत्र भेज कर वहां काम करने वाली कर्मी भी गायब हो गए। टेंट सिटी के रिसेप्शन पर मौजूद दिल्ली की महिला कर्मचारी ने बताया कि वह कुछ रोज पहले ही ड्यूटी पर आई है। काफी पूछने के बाद भी उसने टेंट सिटी के संचालक का नाम नहीं बताया। टेंट सिटी के बाहर लगे बोर्ड पर एक अखाड़े के नाम के साथ ही वाराणसी के किसी आश्रम का नाम लिखा हुआ था। संवाद
महाकुंभ क्षेत्र के सेक्टर 25 स्थित अरैल के डोम सिटी में बृहस्पतिवार को आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मची रही। सूचना पाकर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लग्जरी कॉटेज डोम सिटी में आग लगने से मची खलबली
महाकुंभ की भव्यता को को लेकर सेक्टर 25 अरैल मेला क्षेत्र में बनाई गई लग्जरी टेंट सिटी डोम सिटी में बृहस्पतिवार शाम आग लगने से खलबली मच गई। हालांकि घटना से कोई हताहत नहीं हुआ। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर जल्द काबू पा लिया। वहीं इसकी जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
प्रयागराज कुंभ में का सबसे लग्जरी और महंगा टेंट सिटी डीपीएस स्कूल के सामने सेक्टर-25 में डोम सिटी बनाया गया है। बृहस्पतिवार को शाम को इसके कॉटेज के उपर बनाए गए पारदर्शी बूम से धुआं उठने लगा। यह देखकर अफरा तफरी मच गई। कुछ ही देर में फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग को काबू में कर लिया। गनीमत रही कि यहां पर बुकिंग कराने वाले अधिकांश लोग वहां से चेक आउट कर गए थे।
हवा की रफ्तार कम थी, जिससे आग विकराल रूप नहीं ले सकी। उस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। डोम सिटी के प्रबंधक प्रखर ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, उसे तत्कल काबू में कर लिया गया है। किसी तरह की कोई कैजुवलटी नहीं है। जिसमें आग लगी थी, उसमें बुकिंग नहीं थी, जिससे कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई है।