महाकुंभ : महाकुंभ में जाम से निपटने के लिए प्रभावी योजना का जरूरत, प्रयागराज पहुंचे एडीजी ट्रैफिक
यह भी बताया गया कि पुलिसकर्मियों को खुद भी यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त एन. कोलांची, प्रभारी अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल, पुलिस उपायुक्त यातायात नीरज कुमार पांडेय, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
विस्तार
महाकुंभ के दौरान मेला क्षेत्र और शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने को लेकर शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के. सत्यनारायणा पहुंचे। पुलिस लाइन स्थित त्रिवेणी सभागार में यातायात निरीक्षकों व उप निरीक्षकों के साथ हुई गोष्ठी में उन्हाेंने श्रद्धालुओं एवं स्नानार्थियों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने पर जोर दिया। कहा कि, ट्रैफिक जाम को समाप्त करने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान बनाया जाए। आवश्यकतानुसार एकल मार्ग का निर्धारण करना एवं इसे लेकर आम लोगों को जागरूक करना बेहद जरूरी है। साइन बोर्ड लगवाने, अतिक्रमण हटाने, ई-रिक्शा का रूट निर्धारण एवं कलर कोडिंग किए जाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि ऑटो/ई-रिक्शा चालकों का डाटा तैयार करना, पार्किंग स्थान निर्धारित करना एवं सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन कराने के संबंध में निर्देशित किया जाए। वहीं, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निर्देश दिए गए, ताकि महाकुंभ को दिव्य, भव्य और डिजिटल कुंभ के साथ ही सुव्यवस्थित कुंभ भी बनाया जा सके।
यह भी बताया गया कि पुलिसकर्मियों को खुद भी यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त एन. कोलांची, प्रभारी अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल, पुलिस उपायुक्त यातायात नीरज कुमार पांडेय, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
उप्र और मप्र पुलिस के आपसी सहयोग से महाकुंभ को बनाना है भव्य
वहीं, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उमेश जोगा एवं सहायक पुलिस आयुक्त राजकुमार मीणा के साथ पुलिस लाइन के त्रिवेणी सभागार में संयुक्त गोष्ठी की गई।
इस दौरान 2028 उज्जैन, मध्य प्रदेश में महाकुंभ के आयोजन में करोड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता के दृष्टिगत पुलिस का मुख्य दायित्वों, कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई। म.प्र. से आए पुलिस अधिकारियों ने महाकुंभ मेला क्षेत्र के साथ ही आईसीसीसी का भ्रमण भी किया गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक एटीएस मध्य प्रदेश तरुण कौशिक द्वारा प्रयागराज पुलिस की सराहना की गई। कहा कि, उप्र और मप्र पुलिस के आपसी सहयोग से महाकुंभ को भव्य के साथ सुरक्षित भी बनाना है। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक उज्जैन रेंज नवनीत भसीन, उप पुलिस अधीक्षक उज्जैन भारत सिंह यादव एवं सूबेदार यातायात निवेश मालवीय उपस्थित रहे।