बारिश की बूंदों और हवा के सर्द झोकों के बीच संगम पर भक्ति की वसंती लहरें उमड़ती रहीं। आस्था के सैलाब को मौसम की बाधा नहीं रोक सकी। शिविरों से लेकर शहर की सड़कों तक हर तरफ से संगम जाने वाले मार्गों पर लंबी कतारें बढ़ती रहीं। माघ मेला के चौथे स्नान पर्व वसंत पंचमी पर भीड़ का रेला ऐसा ही था। मेला प्रशासन ने शाम तक 42 लाख श्रद्धालुओं के संगम पर डुबकी लगाने का दावा किया।
सर्वार्थ सिद्धि योग और शिवि योग में बृहस्पतिवार की आधी रात से ही स्नान आरंभ हो गया। संगम समेत गंगा के 17 घाटों पर बारिश से चकर्ड प्लेट मार्गों पर कीचड़ फैल गया। इससे श्रद्धालु सिर पर गठरी और झोला लिए फिसलते रहे, लेकिन होड़ संगम पर पहुंचने की थी। संगम समेत अन्य स्नान घाटों पर श्रद्धालु डुबकी लगाने के साथ ही अन्न-वस्त्र का दान भी करते रहे। महिलाएं डुबकी लगाने के साथ हल्दी-चंदन के टीके लगाकर रेती पर कामनाओं के दीप जलाती रहीं।
2 of 6
Magh Mela : वसंत पंचमी पर संगम पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
कहीं ढोल ,नगाड़ों की गूंज तो कहीं जयकारे गूंजे।स्नान के बाद पुरोहितों से तिलक-त्रिपुंड लगवाने के भी कतारें लगती रहीं। उसी भीड़ में लोग बिछड़ते और मिलते रहे। संगम के अलावा काली मार्ग के पूर्वी तट के अलावा राम घाट और दशाश्वमेध घाट पर भी स्नानार्थियों का रेला दिन भर उमड़ता रहा।
3 of 6
माघ मेले में उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
स्नान- ध्यान के साथ रेती पर मां वाग्देवी की आराधना,आरती और दीपदान हुआ। वहीं, संतों और कल्पवासियों के शिविरों में भी कहीं यज्ञ, अखंड पाठ तो कहीं संगीतमय कथाएं और कीर्तन किए गए। त्रिवेणी मार्ग पर भजनानंदी संतों की टोलियां जहां झांझ-मजीरे के साथ झूमती रहीं, वहीं शिविरों से समूहों में निकलतीं महिलाएं मां गंगा के गीत गाते हुए पहुंचती रहीं। वसंत पर स्नान पर्व के लोकोत्सव की छटा हर तरफ इसी तरह छाई रही। मेलाधिकारी अरविंद चौहान और एसएसपी राजीव नारायण मिश्र समेत कई आला अधिकारी लगातार स्नान पर्व की व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
4 of 6
माघ मेले में वसंत पंचमी पर स्नान के बाद दीपदान करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
मेले की व्यवस्था एक नजर में
17 स्नान घाटों पर वसंत पंचमी स्नान पर्व की लगी डुबकी
155 सीसीटीवी कैमरों से हुई चप्पे-चप्पे की निगरानी
5000 से अधिक जवानों ने संभाली स्नान पर्व की सुरक्षा व्यवस्था
1200 से अधिक बिछड़े लोगों को मिलाया गया
5 of 6
Prayagraj : संगम तट पर स्थित लेटे हनुमानजी का तिरंगे के रंग में श्रृंगार किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
तिरंगे के रंग में रंगे लेटे हनुमानजी
संगम तट पर स्थित लेटे हनुमानजी जी गणतंत्र दिवस पर तिरंगे के रंग में रंगे दिखे। हरे, सफेद और केसरिया फूलों से बजरंग बली का अलौकिक श्रृंगार किया गया। चारों तरफ तिरंगे भी लगाए गए। बजरंग बली का भव्य श्रृंगार देख भक्त भाव विह्वल हो गए। जय श्री राम और जय बजरंग बली के जयकारे गूंजते रहे।