प्रयागराज : माफिया अतीक के रिश्तेदार पर पिस्टल के बट से हमला करने का आरोप, आरोपी ने भी तहरीर
कसारी-मसारी इलाके में माफिया अतीक अहमद के रिश्तेदारों पर युवक से मारपीट करने और पिस्टल के बट से हमला कर उसे लहूलुहान करने का आरोप लगा है।
विस्तार
कसारी-मसारी इलाके में माफिया अतीक अहमद के रिश्तेदारों पर युवक से मारपीट करने और पिस्टल के बट से हमला कर उसे लहूलुहान करने का आरोप लगा है। धूमनगंज पुलिस ने मामले में खालिद जफर, इरफान हसन और 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। इन पर जमीन पर अवैध कब्जा करने और रंगदारी मांगने का भी गंभीर आरोप है।
दामूपुर निवासी रमीज अहमद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे किसी काम से कसारी-मसारी गए थे। पहले से मौजूद खालिद जफर, इरफान हसन और उनके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर खालिद जफर ने पिस्टल के बट से कई वार किए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य आरोपियों ने भी उनके साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी खालिद जफर अतीक अहमद की बहन का दामाद और इरफान हसन उसका बहनोई है। उसने आरोपियों को दबंग और भूमाफिया बताते हुए उन पर जमीनों पर अवैध कब्जा करने और जबरन रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया है। इस घटना से जुड़ा एक मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। (अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता) वहीं, दूसरी ओर से इरफान हसन ने भी धूमनगंज थाने में तहरीर दी है।
आरोप है कि जमीन की नपाई के दौरान कुछ लोग वहां आ धमके और गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। धूमनगंज थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।