प्रयागराज : फलस्तीन के समर्थन में भरी हुंकार, अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जमकर नारेबाजी
फलस्तीन के गाजा पट्टी में इजराइल के द्वारा किए जा रहे हमले के विरोध में ट्रेड यूनियन सहित विभिन्न वाम पंथी दलों ने पत्थर गिरजा घर पर धरना प्रदर्शन कर अमेरिका और इजराइल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और हमले को तत्काल रोकने की मांग की। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन, अखिल भारतीय किसान सभा, अखिल भारतीय खेत मज़दूर यूनियन, स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया, आल इंडिया लाॅयर्स यूनियन तथा जनवादी महिला समिति के संयुक्त तत्वाधान बड़ी संख्या में लेफ्ट पार्टियों ने प्रदर्शन किया।
वामपंथी दलों ने पार्टी हाईकमान के निर्देश पर सिविल लाइन्स में पत्थर गिरजा स्थित धरनास्थल पर इज़राल द्वारा फिलिस्तीन पर हो रहे हमले के खिलाफ प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इजराइल संयुक्त राष्ट्र के सभी प्रस्तावों का उल्लंघन कर रहा है और लगातार युद्ध अपराधों में लिप्त है। प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार अब तक करीब 8000 लोग मारे जा चुके हैं। इज़राइली बमबारी में हर 15 मिनट में एक बच्चे की मौत हो रही है।
अस्पतालों, स्कूलों और संयुक्त राष्ट्र संघ के आश्रयों पर भी बमबारी की जा रही है। फलस्तीन में किसी भी प्रकार के राहत कार्य की अनुमति नहीं दी जा रही है। पानी, ईंधन, भोजन और दवाओं की गंभीर कमी हो गई है। हैजा, चिकनपाॅक्स आदि विभिन्न प्रकार की संक्रामक बीमारियां तेज़ी से फैल रही है। कहा कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद फलस्तीन की भूमि पर एकतरफा तरीके से इजराइल को बना कर साम्राज्यवादी ताकतों ने पश्चिम एशिया में लगातार तनाव बनाए रखने का प्रयास किया है।
सभा का संचालन सीटू जिलाध्यक्ष विकास स्वरूप तथा अध्यक्षता सीटू प्रदेश अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। सभा को एक्टू के डाॅ. कमल उसरी, एटक के आनन्द मालवीय, नागरिक समाज के विनोद तिवारी, सीटू के अविनाश मिश्र, विमल चैधरी, मोहन सिंह, आमिर उस्मानी, राशिद,किसान सभा के भूपेन्द्र पांडेय, समीर गांगुली, एसएफआई के आशीष, रिया, अक्षत, खेत मज़दूर यूनियन के भीम सिंह, जंगी, महादेव, अजीज, रिज़वान, फूलचन्द्र प्रेमी, अखिल विकल्प आदि मौजूद रहे।