Lok Sabha Chunav : सपा भी फूलपुर से पिछड़ी जाति के प्रत्याशी पर लगा सकती है दांव, जल्द हो सकती है घोषणा
फूलपुर लोकसभा क्षेत्र कुर्मी बाहुल्य है। इसी वजह से तमाम राजनीतिक दल इस सीट से कुर्मी प्रत्याशी या अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट देते आए हैं। सपा की बात करें तो उसने फूलपुर किला अंतिम बार वर्ष 2004 में फतेह किया था।
विस्तार
भाजपा ने फूलपुर से वर्तमान सांसद केशरी देवी पटेल का टिकट काटकर विधायक प्रवीण पटेल को अपना प्रत्याशी बनाया है। अब सबकी निगाहें सपा पर टिकी हैं। सपा ने इलाहाबाद संसदीय सीट गठबंधन के साथ कांग्रेस को पहले ही दे दी है, लेकिन फूलपुर से अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। चर्चा इस बात की है कि भाजपा की तरह सपा भी फूलपुर से पिछड़ी जाति के ही उम्मीदवार को टिकट दे सकती है।
फूलपुर लोकसभा क्षेत्र कुर्मी बाहुल्य है। इसी वजह से तमाम राजनीतिक दल इस सीट से कुर्मी प्रत्याशी या अन्य पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को टिकट देते आए हैं। सपा की बात करें तो उसने फूलपुर किला अंतिम बार वर्ष 2004 में फतेह किया था। तब सपा के टिकट पर बाहुबली अतीक अहमद ने केशरी देवी पटेल को शिकस्त दी थी। हालांकि, उस समय केशरी देवी ने यह चुनाव बसपा के टिकट पर लड़ा था। हालांकि, 2018 में उपचुनाव में भी सपा के टिकट पर नागेंद्र सिंह पटेल यहां से चुनाव जीत चुके हैं।
फूलपुर लोकसभा के इतिहास को देखे तो यहां चुनाव जीतने वाले अधिकांश कुर्मी समाज के ही नेता रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू की तरह से यहां से तीन बार राम पूजन पटेल सांसद निर्वाचित हुए हैं। सपा की बात करें तो उसके प्रत्याशियों ने फूलपुर लोकसभा चुनाव 1996, 1998, 1999, 2004, 2018 में जीता। 2014 और 2019 में सपा यहां दूसरे नंबर पर रही। अब 2024 में पार्टी यहां से किसे उतारेगी, उसका निर्णय अगले कुछ दिन में हो जाएगा।
सपा नेताओं का कहना है कि यहां पिछले कुछ चुनाव से पटेल बिरादरी के नेता या तो चुनाव जीते हैं या नंबर दो पर रहे हैं। इसी सब को ध्यान में रखते हुए पार्टी पिछड़ी जाति के नेता को ही यहां से टिकट दिए जाने पर विचार कर रही है। यहां टिकट की रेस में पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, दूधनाथ पटेल, विधायक डॉ.आरके वर्मा, अमरनाथ मौर्य आदि के नाम लिए जा रहे हैं। सपा मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने कहा कि फूलपुर लोकसभा क्षेत्र कुर्मी बाहुल्य तो है ही, इसके अलावा यहां यादव, मुस्लिम, मौर्य, दलित भी काफी संख्या में हैं। उम्मीद है कि नवरात्र में ही पार्टी यहां से अपने प्रत्याशी के नाम का एलान कर दे।
पिछले कुछ चुनाव में फूलपुर लोकसभा में प्रथम तीन स्थान पर आने वाले प्रत्याशी के नाम
वर्ष- विजेता का नाम -दूसरे स्थान पर रहने वाले का नाम - तीसरे स्थान पर रहने वाले का नाम
1996 - जंग बहादुर सिंह पटेल (सपा) - कांशीराम (बसपा) - बीडी सिंह (भाजपा)
1998 - जंग बहादुर सिंह पटेल (सपा) - बेनी माधव बिंद (भाजपा) - राम पूजन पटेल (बसपा)
1999 - धर्मराज पटेल (सपा) - बेनी माधव बिंद (भाजपा) - तुलसी राम यादव (बसपा)
2004 - अतीक अहमद (सपा) - केशरी देवी पटेल (बसपा) - बेनी माधव बिंद (भाजपा)
2009 - कपिल मुनि करवरिया (बसपा) - श्यामा चरण गुप्ता (सपा) - डॉ.सोने लाल पटेल (अपना दल)
2014 - केशव प्रसाद मौर्य (भाजपा) - धर्मराज पटेल (सपा) - कपिल मुनि करवरिया (बसपा)
2018 - नागेंद सिंह पटेल (सपा) - कौशलेंद्र सिंह पटेल (भाजपा), अतीक अहमद (निर्दलीय)
2019 - केशरी देवी पटेल (भाजपा) - पंधारी यादव (सपा) - पंकज पटेल (कांग्रेस )