प्रयागराज। रेलवे ट्रैक पर देश के पहले चलते फिरते अस्पताल लाइफ लाइन एक्सप्रेस का शनिवार को दूसरी बार सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने उद्घाटन किया। इसके पूर्व इस ट्रेन का उद्घाटन उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने बुधवार 18 दिसंबर को किया था। शनिवार को उद्घाटन के दौरान जिले की दोनों सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी एवं केशरी देवी पटेल और मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी भी सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहीं।
इस अवसर पर सूबे के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि इस ट्रेन में नियमित रूप से नि:शुल्क जांच, उपचार एवं शल्य चिकित्सा चिकित्सकों द्वारा की जा रही है। यह ट्रेन जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए वरदान है। इसमें विभिन्न रोगों की जांच, भोजन एवं आवास की व्यवस्था भी उपलब्ध है। यह ट्रेन आठ जनवरी तक प्रयागराज में रहेगी। यहां बताया गया कि चलते फिरते अस्पताल में सात मिनी ऑपरेशन थियेटर हैं। इसमें सिकी भी बच्चे के कटे-फटे होंठ हो तो उनके भी इलाज की व्यवस्था ट्रेन में है। कान के परदे का ऑपरेशन, दांतों की सफाई, मिर्गी रोग का परीक्षण भी चिकित्सकों द्वारा इसमें किया जाएगा। महिलाओं में बढ़ते स्तन कैंसर को देखते हुए उसकी नि:शुल्क जांच की भी व्यवस्था ट्रेन में उपलब्ध है। कार्यक्रम में सांसद डा. रीता, केशरी देवी और मेयर अभिलाषा ने कहा कि इस ट्रेन का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने की बात कही। ताकि गरीब लोगों को बेहतर इलाज मिल सके। इस अवसर पर सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, कमलेश कुमार, अभिषेक शुक्ला, दिनेश तिवारी, विभवनाथ भारती, सत्यपाल गुलाटी, पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।