लद्दाख से प्रयागराज आया रीवा के जवान का पार्थिव शरीर
लद्दाख में चीनी सैनिकों के कायराना हमले में शहीद हुए रीवा मध्य प्रदेश के नायक दीपक कुमार का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार की शाम वायु सेना के विशेष विमान से बम्हरौली में उतारा गया। यहां सेना द्वारा दीपक कुमार का पार्थिव शरीर सीधे न्यू कैंट स्थित आर्मी अस्पताल में लाया गया। शुक्रवार की सुबह 6.30 बजे सेना के वरिष्ठ अफसर अपनी श्रद्धांजलि नायक दीपक कुमार को देंगे।
इसके बाद उनका पार्थिव शरीर सेना के वाहन द्वारा सड़क मार्ग से रीवा भेजा जाएगा। वायु सेना का विशेष विमान चंडीगढ़ से कई जवानों का पार्थिव शरीर लेकर उड़ा। पहले यह विमान पटना और उसके बाद रांची गया। रात आठ बजे के बाद बम्हरौली में इसकी लैडिंग हुई। यहां नम आंखों से सेना के जवानों ने नायक दीपक कुमार का पार्थिव शरीर विमान से उतारा।
फिर सेना के विमान से ही उसे आर्मी अस्पताल में लाया गया। सेना के प्रवक्ता एवं विंग कमांडर शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 6.30 बजे सेना के वरिष्ठ अफसर नायक दीपक कुमार को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद सेना के वाहन से दीपक कुमार का पार्थिव शरीर रीवा भेजकर उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा।