{"_id":"5c528beabdec223c4643844b","slug":"kumbh-2019-cm-yogi-come-to-prayagraj-to-meet-mohan-bhagwat-and-saints","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"संघ प्रमुख मोहन भागवत से सीएम ने की डेढ़ घंटे वार्ता, संतों से भी मिले, राम मंदिर पर हुआ मंथन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
संघ प्रमुख मोहन भागवत से सीएम ने की डेढ़ घंटे वार्ता, संतों से भी मिले, राम मंदिर पर हुआ मंथन
Thu, 31 Jan 2019 11:17 AM IST
देव कश्यप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
Published by: देव कश्यप
Updated Thu, 31 Jan 2019 11:17 AM IST
विज्ञापन
प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत और संतों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री और संघ प्रमुख के साथ उनकी एकांत में करीब डेढ़ घंटे वार्ता हुई। धर्म संसद से ठीक पहले तथा अयोध्या में राम मंदिर मुद्दे को लेकर संतों की नाराजगी के बीच इन मुलाकातों के कई निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। चूंकि राम मंदिर का मुद्दा सभी के बीच कॉमन रहा। ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सरकार का रुख स्पष्ट करने के साथ संतों की सहमति जुटाने की कोशिश की।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री को पौने नौ बजे पहुंचना था लेकिन उनका हेलीकॉप्टर सुबह 9.25 पर झूंसी स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां से वह झूंसी स्थित संघ कार्यालय पहुंचे और सीधे मोहन भागवत से मुलाकात की। 9.35 बजे कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री की मोहन भागवत के साथ 11.05 तक वार्ता हुई। वार्ता कार्यालय भवन के छत पर हुई और इस दौरान दो अन्य नेता ही मौजूद रहे। संघ तथा भाजपा के अन्य नेताओं को वहां जाने पर पाबंदी रही तथा बैठक को लेकर पूरी गोपनीयता बरती गई।
विज्ञापन
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी तथा अन्य नेता नीचे ही बैठे रहे। इस वार्ता को लेकर इतनी गोपनीयता तथा नेताओं की चुप्पी को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री ने मोहन भागवत को कुंभ पर आधारित पुस्तक भी भेंट की। इसके बाद मुख्यमंत्री शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद के आश्रम में गए। करीब 20 मिनट की वार्ता के बाद उन्होंने रामजन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की। मुख्यमंत्री और महंत नृत्य गोपाल दास के बीच मंदिर मुद्दे पर वार्ता हुई और उन्होंने सरकार का पक्ष रखा।
विज्ञापन