Kaushambi News: नहाते वक्त गंगा की लहरों में समाए किशोर व युवक
शक्तिपीठ कड़ा धाम के कुबरी घाट पर सोमवार सुबह नहाते वक्त एक किशोर गंगा नदी में समा गया। करीब घंटे भर की कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। वहीं, लेहदरी घाट पर भी एक युवक डूब गया है। उसकी तलाश की जा रही है। घटना से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के गरई गांव का प्रदीप कुमार (15) पुत्र राकेश आठवीं का छात्र था। रक्षाबंधन के त्योहार पर सोमवार सुबह वह साथियों के साथ गंगा नहाने कुबरी घाट गया था। बताया जाता है कि स्नान करते वक्त अचानक पैर फिसल गया और प्रदीप गहरे पानी में समा गया। यह देख आसपास रहे लोग चीख पड़े। शोर-शराबा सुन मौके पर पहुंचे स्थानीय गोताखोर मकबूल ने कड़ी मशक्कत कर करीब घंटे भर बाद किसी तरह प्रदीप के शव को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक प्रदीप के चेहरे को मछलियों व कछुओं ने नोच डाला था। जांच के बाद पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
उधर, त्योहार के दिन प्रदीप की मौत ने उसकी इकलौती बहन ममता (12) को झकझोरकर रख दिया है। ममता ने एक रोज पहले ही अपने बड़े भाई अरुण, मझले प्रदीप और सबसे छोटे अंशुल के लिए बड़े अरमान के साथ राखी खरीदी थी। भाई की मौत की खबर ममता को मिली तो वह दहाड़े मारकर रो पड़ी।