सैरसपाटा : कश्मीर की वादियों ने टूर एंड ट्रेवेल्स के सूखे कारोबार में ला दी हरियाली
सैरसपाटा और सहालग का सीजन शुरू होते ही एक बार फिर से टूर एंड ट्रेवेल्स का कारोबार चमक गया है। कोरोना की वजह से दो वर्ष से तकरीबन सूखे पड़े इस ट्रेड में इस बार गजब की हरियाली आ गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टूर एंड ट्रेवेल्स इंडस्ट्री के लिए इस बार कश्मीर का पैकेज मुनाफे का सौदा साबित हो रहा है। इसे कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने का असर कहा जाए या फिर पिछले दिनों सुर्खियों में रही फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ का, जो भी हो इस बार संगमनगरी से गर्मी की छुट्टियों के लिए कश्मीर की वादियों में की अच्छी संख्या में बुकिंग हो रही है। प्रयागराज के तमाम टूर एंड ट्रेवेल्स ऑपरेटर भी इससे खासे उत्साहित हैं। हिल स्टेशनों के लिए हो रही 50 फीसदी बुकिंग इस बार कश्मीर की ही है। खास बात यह है कि इस बार सभी तरह के टूर पैकेज 20 प्रतिशत तक महंगे हुए हैं, फिर भी बुकिंग करवाने वालों की संख्या में कमी नहीं दिख रही है।
इस बार प्रयागराज से सर्वाधिक बुकिंग कश्मीर की
सैरसपाटा और सहालग का सीजन शुरू होते ही एक बार फिर से टूर एंड ट्रेवेल्स का कारोबार चमक गया है। कोरोना की वजह से दो वर्ष से तकरीबन सूखे पड़े इस ट्रेड में इस बार गजब की हरियाली आ गई है। कोरोना की तमाम बंदिश हट जाने की वजह से इस बार गर्मी की छुट्टियों में ट्रेवेल्स एजेंसियों के माध्यम से लोगों ने प्रमुख हिल स्टेशन की बुकिंग करवानी शुरू कर दी है। संगमनगरी से इस बार मई और जून माह की सर्वाधिक बुकिंग कश्मीर की हुई है। ट्रेवेल्स एजेंसी से जुड़े लोगों को कहना है कि बीते गर्मियों के दो सीजन तकरीबन खाली गए। इस बार ऐसा नहीं है।
होली के बाद से ही लोगों ने कश्मीर की बुकिंग करवानी शुरू कर दी है। पिछले वर्ष हनीमून कपल्स का जो पैकेज 34 से 36 हजार का था, वह इस बार बढ़कर 55 हजार तक पहुंच गया है। इस पैकेज में प्रयागराज से श्रीनगर पहुंचने का किराया शामिल नहीं है। एक टूर एजेंसी चलाने वाले देव श्रीवास्तव ने बताया कि श्रीनगर, गुलमर्ग, पहलगाम आदि के लिए एक अनुमान के मुताबिक मई और जून के लिए प्रयागराज से ही तकरीबन 250 बुकिंग हो चुकी है।
अटल टनल देखने के लिए भी हो रही पूछताछ
हिमाचल प्रदेश में पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी के नाम पर लेह-मनाली राजमार्ग पर बनी सुरंग देखने के लिए भी ट्रेवेल एजेंसियों से लोगों ने संपर्क साधा है। मनाली से तकरीबन 28 किलोमीटर लंबी दूर हिमालय के पीर पंजाल रेंज में रोहतांग दरें के नीचे बनी सुरंग इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। मनाली की बुकिंग करवाने वाले अधिकांश लोगों ने अपने पैकेज में इस सुरंग को देखने की भी इच्छा जाहिर की है। हालांकि कुल्लू-मनाली का चार रात और पांच दिन के पैकेज में अटल सुरंग टूर ऑपरेटर सिर्फ लोगों के आग्रह पर ही शामिल कर रहे हैं, लेकिन इसका किराया अलग से लिया जा रहा है। कोरोना के पूर्व कुल्लू-मनाली के लिए दो लोगों का जो पैकेज 30 से 32 हजार में था, वह इस बार बढ़कर 44 से 45 हजार हो गया है। तकरीबन यही रेट शिमला टूर पैकेज का भी है।
उत्तराखंड का पैकेज है थोड़ा सस्ता
श्रीनगर, शिमला, मनाली के मुकाबले उत्तराखंड के नैनीताल का टूर पैकेज अपेक्षाकृत सस्ता है। हालांकि दो वर्ष पहले के पैकेज के मुकाबले नैनीताल और उसके आसपास के प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट का पैकेज महंगा जरूर हुआ है। पहले जहां नैनीताल के लिए 18 से 20 हजार रुपये लगते थे तो वहीं इस बार पैकेज का रेट 29 से 30 हजार पहुंच गया है। नार्थ ईस्ट के गंगटोक, दार्जिलिंग, शिलांग के लिए भी प्रयागराज से बुकिंग लोग करवा रहे हैं। अल्लापुर के सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि उनके भाई की शादी 14 अप्रैल को ही हुई थी। अब उन्होंने नवदंपत्ति के लिए गंगटोक, दार्जिलिंग का पैकेज बुक करवाया है। जो 62 हजार में बुक हुआ है।
मालदीव, दुबई और गोवा के दीवानों की भी कमी नहीं
गर्मी की छुट्टियों में भी गोवा और मालदीव के पैकेज की प्रयागराज से अच्छी बुकिंग हो रही है। गोवा का तीन रात, चार दिन का कपल्स पैकेज जो पहले 25 से 28 हजार में था वह इस बार बढकर 35 से 40 हजार पहुंच गया है। इसी तरह मालदीव का पैकेज तकरीबन दो लाख रुपये एवं दुबई का एक लाख रुपये तक में बुक हो रहा है। हालांकि इन पैकेजों में तमाम तरह के नियम एवं शर्ते भी टूर ऑपरेटरों ने शामिल की है।
इस बार सीजन अच्छा जा रहा है। हिल स्टेशनों की हो रही कुल बुकिंग में से 50 फीसदी से ज्यादा कश्मीर की ही बुकिंग है। प्रयागराज से नार्थ ईस्ट के हिल स्टेशनों के लिए भी लोग बुकिंग करवा रहे हैं - विशाल कनौजिया, ईएमआई हॉलीडेज एंड वैडिंग
कश्मीर के बाद मनाली, शिमला, गोवा की भी लोग बुकिंग करवा रहे हैं। इसके अलावा दुबई, मालदीव का भी टूर पैकेज लोग पसंद कर रहे हैं। लोगों के लिए तमाम ऑफर भी हैं। - राहुल खरे, हॉलीडे अनलिमिटेड
कोरोना के पहले और वर्तमान पैकेज के दाम में थोड़ी बढ़ोत्तरी तो हुई है लेकिन पिछले दो वर्ष से जो सूनापन था, वह इस बार दूर होता दिखाई दे रहा है। कश्मीर की डिमांड इस बार ज्यादा दिखाई दे रही है। - पंकज सिंह, मेक माई ट्रिप