Kareli Murder Case : आरिफ को सता रहा भाई-भाभी को न मार पाने का गम, बोला, हमेशा रहेगा अफसोस
Kareli Murder Case : मां और बहन को मौत के घाट उतारने वाले करेली के आरिफ को यह गम सता रहा है कि वह अपने भाई और भाभी की हत्या नहीं कर सका। जेल जाने से पहले उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि उसे हमेशा इस बात का मलाल रहेगा कि वह भाई और भाभी को खत्म नहीं कर सका।
विस्तार
करेली के बारह मार्केट में रिश्तों का कत्ल करने वाले आरिफ को अभी भी इस बात का गम सता रहा है कि वह अपने भाई आजम और भाभी शबाना को नहीं मार सका। जेल जाने से पहले उसने पुलिस वालों से कहा कि उसे इस बात का हमेशा अफसोस रहेगा। उसने कहा कि वह सिर्फ बहन, भाई और भाभी को मारना चाहता था। मां और पिता तो बीच में आ गए। दूसरी ओर अब तक की जांच से इस बात की पुष्टि हुई है कि आरिफ ने अकेले ही घटना को अंजाम दिया था।
घटनास्थल पर उसके किसी साथी के होने के सुबूत नहीं मिले हैं। वहीं, घटना के समय उसकी पत्नी की लोकेशन सिविल लाइंस में मिली है। आरिफ ने यह बयान भी दिया है कि उसने अकेले घटना को अंजाम दिया। मां अनीसा और बहन निकहत की हत्या कर पिता मो. कादिर को मरणासन्न करने वाले आरिफ की सनक अभी भी खत्म नहीं हुई है। जेल जाने से पहले उसने पुलिस वालों से कहा कि उसकी पूरी दुश्मनी आजम और उसकी पत्नी से थी। बहन निकहत भी संपत्ति के उसके हिस्से पर कुंडली मारकर बैठ गई थी।
इसी वजह से वह आजम, शबाना और निकहत से चिढ़ता था। जो इन तीनों के पक्ष में होता, आरिफ उससे भी चिढ़ने लगता। वह बहुत दिन से तीनों को मारने की योजना बना रहा था। घटना वाले दिन भी उसका प्लान यही था कि पहले वह बहन निकहत की हत्या करेगा। इसके बाद भाई आजम और भाभी शबाना को भी मौत के घाट उतार देगा, लेकिन बीच में माता-पिता आ गए। उसके मुताबिक उसने माता और पिता पर एक ही वार किया था।
करेली इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि आजम ने भले ही आरिफ के साथ उसके दो अज्ञात साथियों और पत्नी नौशीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल पर बनाए गए तमाम वीडियो की जांच के बाद इस बात की पुष्टि हो गई है कि घटना को अकेले आरिफ ने अंजाम दिया। उसकी पत्नी गवर्नमेंट प्रेस में काम करती है। घटना के समय उसकी लोकेशन सिविल लाइंस स्थित कार्यालय में मिली है। फिलहाल, जांच चल रही है और अभी किसी को क्लीन चिट नहीं दी गई है।
चार दुकानदारों को दिया जाएगा नोटिस
आरिफ ने घर में तेजाब की सैकड़ों बोतलें इकट्ठी करके रखी थीं। जांच में चार दुकानदारों के नाम सामने आए हैं, जिनके यहां से आरिफ तेजाब खरीदता था। चारों को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर उन्होंने नियम विरुद्ध ज्यादा मात्रा में तेजाब बेचा होगा तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।