जरा संभल कर, जानलेवा हुईं शहर की सड़कें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर उत्तरी से लेकर शहर दक्षिणी तक ज्यादातर इलाकों की सडकें बेहद खतरनाक हो गई हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। स्थिति इतनी भयावह है कि दौड़ते वाहनों के बीच सड़क कहीं भी अचानक धंस जा रही है। अतरसुइया और सिविल लाइंस में एलगिन रोड पर चारपहिया वाहन गड्ढे की चपेट में आ चुके हैं। दोपहिया वाहनों के लिए समस्या ज्यादा है। एलगिन रोड पर अमित दीप मोटर्स से मिश्र भवन चौराहा होकर संगीत समिति तक बारिश का पानी निकालने के लिए नगर निगम की ओर से पाइप लाइन बिछाई जा रही है।
इस जबरदस्त परेशानी के लिए एलएंडटी कंपनी के साथ पासावंत एनर्जी एंड इनवायरमेंट कंपनी तथा नगर निगम भी जिम्मेदार है, जिसने सीवर लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को ठीक ढंग से पाटा नहीं और ऊपर से सड़क बना दी। अब धंस रही सड़कों के कारण लोगों का राह चलना मुश्किल हो गया है। गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई ने सिविल लाइंस में सीवर लाइन बिछाने की जिम्मेदारी एलएंडटी जैसी प्रतिष्ठित कंपनी को दी है, जबकि शिवकुटी से सलोरी और अल्लापुर में सीवर लाइन बिछाने का काम पासावंत एनर्जी एंड इनवायरर्मेंट कंपनी के पास है।
एलएंडटी के काम से सिविल लाइंस की सड़कों का क्या हाल है, यह लगातार हो रही बारिश के बाद सामने है। सड़कें धंसने से उसमें चारपहिया और दोपहिया वाहन फंस रहे हैं। वैन, ट्राली आदि से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी हुई। सिविल लाइंस में नवाब यूसुफ रोड पर एक तरफ ट्रैफिक पूरी तरह बंद है। सीवर लाइन बिछाने के बाद जल्दबाजी में पाटी गई सड़क जगह-जगह खतरनाक रूप से धंस गई है। यही हाल नगर निगम कार्यालय के पीछे से जीटी रोड तक लोहिया मार्ग, संगम प्लेस से क्लाइव रोड, होटल कान्हा श्याम से स्ट्रैची रोड, पत्रिका रोड, ताशकंद मार्ग, सरदार पटेल मार्ग का है। खतरनाक रूप से धंसी सड़कों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार शाम को एलगिन रोड पर जीएचएस चौराहा के पास अचानक सड़क धंस गई। वहां खड़ी दो कारों के पहिये गड्ढे में फंस गए। कार मालिकों को क्रेन मंगाकर उसे बाहर निकलवाना पड़ा। लोहिया मार्ग, क्लाइव रोड, स्ट्रैची रोड, सरदार पटेल मार्ग पर जगह-जगह गड्ढों के कारण कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चुटहिल हुए।
शिवकुटी से सलोरी होकर अल्लापुर तक भी सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत में जमकर मनमानी की गई। इस हिस्से में पासावंत एनर्जी एंड इनवारर्मेंट कंपनी सीवर लाइन बिछा रही है। शिवकुटी में अपट्रान चौराहा से तेलियरगंज की ओर जाने वाली सड़क पर रेलवे पुल तक सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क बनाने में जमकर मनमानी हुई। नतीजा है कि बारिश में सड़क कई जगह से धंस गई। शिवकुटी में गंगा रोड समेत तकरीबन सभी गलियों में सीवर लाइन बिछाई गई।
यहां भी जगह-जगह सड़क धंस गई है। यहां कई गलियों में मरम्मत का काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे वहां मिट्टी फैल रही है, जिससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। सलोरी में मजार क्रासिंग की ओर जाने वाली सड़क, शुतुरखाना, चांदपुर में जेपी चौराहा के पास कई जगह सड़कें धंसने से परेशानी बढ़ गई है। कंपनी की लापरवाही का खामियाजा सड़कों से गुजरने वालों को भुगतना पड़ रहा है। पासावंत कंपनी ने अल्लापुर में सड़कें बनाने में जमकर मनमानी की। यहां सर्वोदय नगर में अमिताभ बच्चन रोड, बाघम्बरी गद्दी रोड से लगा तिलक नगर एवं न्यू सोहबतियाबाग में जगह-जगह सड़क, गलियां धंस गई हैं।
नगर निगम ने भी सिविल लाइंस में एलगिन रोड पर बर्बाद करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बारिश का पानी निकालने के लिए यहां अमितदीप मोटर्स से कस्तूरबा गांधी मार्ग पर मिश्र भवन चौराहा होकर संगीत समिति तक दाहिनी रोड पटरी पर पाइप लाइन बिछाई गई है। यह काम करीब छह माह पहले हुए लेकिन मिश्र भवन के पास कस्तूरबा गांधी मार्ग को क्रास करने के लिए पाइप लाइन डालने का काम बारिश में शुरू किया गया। इलाहाबाद को लखनऊ से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क को मिश्र भवन के पास बीच चौराहा खोद दिया गया।
इससे करीब सप्ताहभर आवागमन बाधित रहा। चार दिन पहले सड़क के बीच के हिस्से को पाट कर खोल दिया गया, जबकि दोनों तरफ मिट्टी का ढेर लगा है। बारिश में मिट्टी दूर तक फैलने से सड़क पर स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है। पटरी पर करीब छह माह पहले पाइप लाइन बिछाने के बाद उसकी मरम्मत अब तक नहीं हुई। इससे वहां पटरी के साथ नाली और सड़क मिट्टी से पटी पड़ी है। नगर निगम के अफसर इस काम को जल्द पूरा कराने को लेकर जरा भी गंभीर नहीं हैं।