जन्माष्टमी : पतंजलि नर्सरी स्कूल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की मनमोहक प्रस्तुतियां, कान्हा रूप में सजे बच्चे
प्रयागराज में पतंजलि नर्सरी स्कूल में जन्माष्टमी के अवसर पर कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए जीवंत कर दिया।
विस्तार
पतंजलि नर्सरी स्कूल के आरके हॉल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हर्षोल्लास के साथ किया गया। नर्सरी, केजी और प्रेप कक्षाओं के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनकी विभिन्न लीलाओं पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं दीप प्रज्जवलन से हुआ। इसके बाद कृष्ण जन्म, बधाई नृत्य, माखन चोरी, गोवर्धन लीला, रास लीला, वात्सल्य-विरह और कंस वध जैसी प्रस्तुतियां पेश की गईं। राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य अतिथि प्रो. जीएस तोमर, आयुर्वेद विशेषज्ञ, शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं विश्व आयुर्वेद मिशन के अध्यक्ष ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आयुर्वेद और स्वस्थ जीवन से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। विद्यालय की अध्यक्षा प्रो. डॉ. कृष्णा गुप्ता ने बच्चों को नन्हे राधा-कृष्ण का स्वरूप बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मीनल नारंग ने किया। प्रधानाध्यापिका विभा श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि, प्रबंधक समिति के सदस्यों, शिक्षिकाओं और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, भारतीय संस्कृति और कृष्ण की लीलाओं का सुंदर संगम देखने को मिला।