प्रयागराज : केशव की मौजूदगी में सपा नेता रईस आए भाजपा में, नंदी बोले-पार्टी में लाना गहरी साजिश
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सपा नेता रईस शुक्ला को भाजपा में शामिल कराया कि कुछ देर बाद ही कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की तीखी प्रतिक्रिया आ गई। बोले, रईस शुक्ला को पार्टी में लाना गहरी साजिश है।
विस्तार
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सपा नेता रईस शुक्ला को भाजपा में शामिल कराया कि कुछ देर बाद ही कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की तीखी प्रतिक्रिया आ गई। बोले, रईस शुक्ला को पार्टी में लाना गहरी साजिश है। स्थानीय विधायक होने के नाते उनसे पूछना तो दूर, किसी ने बताना भी जरूरी नहीं समझा। बगैर किसी नेता का नाम लिए कहा, कुछ लोग पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में चला रहे हैं, जो पार्टी को नुकसान पहुंचाएगा। सपा के टिकट पर पिछला विधानसभा चुनाव लड़े रईस शुक्ला को नंदी ने ही हराया है।
रईस शुक्ला के भाजपा ज्वाइन करने की खबर शुक्रवार को ही आ गई थी। इनके जुड़ने से ब्राह्मणों की एकजुटता का दावा भी किया गया था। शनिवार दोपहर पार्टी कार्यालय में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रईस के साथ सपा से भाजपा में आए पंकज जायसवाल, सुभाष गुप्ता, विजय गुप्ता, अनीता जायसवाल, अपना दल एस की नेत्री पूनम पटेल और आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्राचार्य अर्चना पाठक को अंगवस्त्रम ओढ़ाया।
डिप्टी सीएम ने कहा कि 13 मई को सपा, बसपा और कांग्रेस प्रयागराज और यूपी से गई साबित हो जाएगी। कार्यक्रम में चुनाव संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, सांसद केशरी देवी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीके सिंह, विधायक हर्ष बाजपेयी, राकेश शुक्ला, सुबोध सिंह, शशि वार्ष्णेय, पवन श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता आदि मौजूद रहे। शनिवार शाम कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने क्षोभ व्यक्त किया। कहा, मेरे विरुद्ध सपा प्रत्याशी के रूप में वर्ष 2022 का विधानसभा चुनाव हारे रईस चंद्र शुक्ला को भाजपा ज्वाइन कराने का प्रस्तावित कार्यक्रम घोर अपमाजनक एवं आपत्तिजनक है। स्थानीय विधायक की अवहेलना व उपेक्षा करते हुए विपक्षी उम्मीदवार को पार्टी ज्वाइन कराना बेहद गंभीर प्रकरण और गहरी साजिश है।
2017 में नंदी के भाजपा में आने पर केशरी नाथ ने जताई थी आपत्ति
सपा नेता रईस शुक्ला के भाजपा में आने पर नंदी भले ही क्षोभ व्यक्त करें, लेकिन छह वर्ष पहले भी कुछ इसी तरह का हुआ था। वर्ष 2017 में पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने नंदी को भाजपा ज्वाइन कराने और उन्हें दक्षिण विधानसभा से टिकट देने पर नाराजगी जताई थी। वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में नंदी ने इसी सीट से तत्कालीन भाजपा प्रत्याशी केशरी नाथ त्रिपाठी को शिकस्त दी थी। वक्त बीता और 2017 में नंदी जब मंत्री बन गए तो केशरी नाथ त्रिपाठी के गिले-शिकवे भी खत्म हो गए।
मंत्री नंद गोपाल नंदी की नाराजगी की बात मुझे नहीं मालूम है। मैं निकाय चुनाव के सिलसिले में दिल्ली आया हूं। पता करता हूं कि क्या मामला है। - भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष-भाजपा