बिना अनुमति जुलूस निकालने में 11 सपाई गिरफ्तार, भेजे गए जेल
बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दे पर सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर जुलूस निकाल रहे 11 सपा कार्यकर्ता सोमवार को गिरफ्तार कर लिए गए। धूमनगंज के कंधईपुर से पुलिस उन्हें हिरासत मेें लेकर थाने आई जिसके बाद उनका चालान कर दिया गया।
सपा कार्यकर्ताओं की ओर से सोमवार सुबह बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर तहसील पर धरना प्रदर्शन प्रस्तावित था। जिसमें शामिल होने के लिए धूमनगंज के कंधईपुर में भी सपाई जुटे थे। पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सपा नेता व कार्यकर्ता जुलूस निकालने की तैयारी में हैं। जिस पर उन्हें ऐसा करने से रोका गया। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए। जिसके बाद मौके से 11 सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया।
धूमनगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि इनमें मयंक यादव उर्फ जोंटी, प्रमोद यादव, शेखर यादव, लालमनि यादव, शिव सिंह यादव, राजू सिंह, अंशू यादव, आकाश यादव, संदीप यादव, शरद यादव व कुंदन पाल शामिल हैं। धूमनगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि उपरोक्त सभी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से सभी को 14 दिनों के लिए जेेल भेज दिया गया।