Mahakumbh : एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस को सौंपी गई महाकुंभ की अहम जिम्मेदारी, डॉ. अजयपाल नोडल अफसर बनाए गए
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बुधवार को इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया। इसमें कहा गया कि डॉ. अजयपाल को नोडल अधिकारी महाकुंभ नियुक्त किया जाता है। वह मेला पुलिस व प्रशासन के साथ रेलवे, विकास प्राधिकरण समेत अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर महाकुंभ मेला से संबंधित समस्त कार्यों व दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
विस्तार
जौनपुर से स्थानांतरित होकर आए एनकाउंटर स्पेशलिस्ट नवागंतुक प्रभारी अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल महाकुंभ की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह मेला पुलिस व अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुरक्षित व सफल बनाने में योगदान देंगे। महाकुंभ को लेकर आतंकी पन्नू की धमकी को देखते हुए उन्हें उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह दो बार पहले भी कुंभ में सेवाएं दे चुके हैं।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने बुधवार को इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया। इसमें कहा गया कि डॉ. अजयपाल को नोडल अधिकारी महाकुंभ नियुक्त किया जाता है। वह मेला पुलिस व प्रशासन के साथ रेलवे, विकास प्राधिकरण समेत अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर महाकुंभ मेला से संबंधित समस्त कार्यों व दायित्वों का निर्वहन करेंगे। यह भी बताया गया कि डीसीपी कुंभ सिद्धार्थशंकरण मीणा व डीसीपी यातायात नीरज पांडेय बतौर सहायक नोडल अधिकारी उनका सहयोग करेंगे।
कार्यभार संभाला, दो बार पहले भी कुंभ में दे चुके हैं सेवाएं
नवागंतुक प्रभारी अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजयपाल ने बुधवार को प्रयागराज पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। 2013 में बतौर ट्रेनी आईपीएस व 2019 में एसपी कार्मिक के पद पर तैनात रहते हुए वह पहले भी दो बार कुंभ में सेवाएं दे चुके हैं। मूल रूप से लुधियाना, पंजाब के रहने वाले डॉ.अजयपाल 2011 बैच के आईपीएस अफसर हैं। अपनी तेजतर्रार कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. अजय पाल के जौनपुर में बतौर पुलिस अधीक्षक लगभग दो साल के कार्यकाल में 97 एनकाउंटर हुए। अपराधियों पर कहर बनकर टूटने की इसी कार्यशैली की वजह से वह एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के नाम से भी चर्चित हैं।
पहले दिन कुंभ क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था व फोर्स के रुकने, ठहरने आदि की व्यवस्था संबंधी तैयारियों की समीक्षा व उन्हें और बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा की गई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रयास यही है कि श्रद्धालुओं को संगम या अन्य स्थान पर पहुंचने में कोई दिक्कत न हो। पुख्ता सुरक्षा हो और पुलिसकर्मियों का व्यवहार जनता के प्रति सहज, विवेकपूर्ण व सहूलियत प्रदान करने वाला हो। - डॉ. अजयपाल, प्रभारी अपर पुलिस आयुक्त व नोडल महाकुंभ