Prayagraj : विमान पकड़ना है तो आज से तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें यात्री, आपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ी सुरक्षा
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह करने के बाद प्रयागराज समेत देश के सभी एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विस्तार
पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह करने के बाद प्रयागराज समेत देश के सभी एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा की दृष्टि से शुक्रवार से सभी यात्रियों को विमान रवानगी के 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा।
बृहस्पतिवार की रात जम्मू एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले की खबर आने के बाद एडवाइजरी जारी की गई है। हालांकि ड्रोन हमले को सेना ने पूरी तरह से विफल कर दिया। बताया जा रहा है कि यात्री सुचारू चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे एयरपोर्ट पहुंचें। उधर अकासा एयर ने भी यात्रियों के लिए सलाह जारी की है।
ट्वीट में कहा गया है कि भारत भर के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण हम यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि आप प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें। नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार सभी यात्रियों को बोर्डिंग से पहले द्वितीयक सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। प्रयागराज एयरपोर्ट में सभी तरह के विजिटर पास पर भी रोक लगा दी गई है।
तेजी से कैंसिल हो रही प्री बुकिंग
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा की दृष्टि से गर्मी की छुट्टियों में सैर-सपाटे के लिए जाने वाले लोगों ने अपनी प्री-बुकिंग निरस्त करवानी शुरू कर दी है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अब मई की जगह जून माह में सैर-सपाटा की बात कर रहे हैं। इस बीच बीते दो दिन में ही प्रयागराज में चार दर्जन से ज्यादा लोगों ने हिमाचल, लद्दाख के साथ अपने विदेशी टूर पैकेज भी निरस्त करवा दिए हैं। इससे ट्रैवेल्स एजेंटों को भी झटका लगा है।