Prayagraj : मक्के के खेत में करंट की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत
बहरिया थाना क्षेत्र के खलसा गांव में बुधवार दोपहर करीब दो बजे मक्के के खेत में दौड़ रहे बिजली के करंट की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई।
विस्तार
बहरिया थाना क्षेत्र के खलसा गांव में बुधवार दोपहर करीब दो बजे मक्के के खेत में दौड़ रहे बिजली के करंट की चपेट में आने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कमलेश कुमार यादव (29) और उनके भतीजे अर्पित यादव (14) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों ने खेत मालिक पर करंट प्रवाहित करने का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। सूचना मिलने पर बहरिया थाना प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बिजली विभाग के एसडीओ को मौके पर भी बुलाया।
कमलेश कुमार और अर्पित यादव धान की रोपाई के लिए बेहन लेने खेत गए थे। आरोप है कि नागेंद्र प्रताप सिंह के मक्के के खेत की फसल को मवेशियों से बचाने के लिए चारों ओर बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान अर्पित करंट की चपेट में आ गया। उसकी चीख सुनकर बचाने पहुंचे चाचा कमलेश भी करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर दोनों को खेत से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने 20 दिन पहले भी बिजली का करंट लगाने पर आपत्ति जताई थी, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।हादसे के बाद खेत मालिक का परिवार घर छोड़कर भाग गया। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इन्कार कर दिया। ग्रामीण परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये आर्थिक मुआवजा और मौके पर डीएम को बुलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। थाना प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान देर शाम तक मौके पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
चाचा प्रतियोगी तथा भतीजा कक्षा सात का छात्र
कमलेश कुमार बीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते थे। उन्होंने रेलवे ग्रुप-डी की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। उनके पिता सीताराम यादव किसान हैं। कमलेश चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। अर्पित यादव अनुपम पब्लिक स्कूल, मिझूरा में कक्षा सातवीं का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। पिता मुंबई में निजी नौकरी करते हैं।
खेत मालिक नागेंद्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जार रही है। परिजनों के कहने पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही है। - विवेक कुमार यादव, एसीपी फूलपुर
