Mahakumbh : एक कॉल पर मिलेगी मदद, महाकुंभ में दौड़ेंगी डायल-112 की 296 गाड़ियां
इसी को देखते हुए मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की मदद के लिए इसकी सेवाएं लेने का निर्णय किया गया है। वैसे डायल 112 की गाड़ियां माघ मेले में भी तैनात रह चुकी हैं लेकिन महाकुंभ में इनकी भूमिका को और वृहद करने का निर्णय लिया गया है।
विस्तार
महाकुंभ क्षेत्र में डायल 112 की 296 गाड़ियां दौड़ेंगी। इनमें 231 दोपहिया व 95 चारपहिया शामिल हैं। इन वाहनों पर दो शिफ्टों में पुलिस व होमगार्ड के करीब 700 जवान 24 घंटे ड्यूटी देंगे। डायल 112 त्वरित रिस्पांस के लिए जानी जाती है। इसी को देखते हुए मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की मदद के लिए इसकी सेवाएं लेने का निर्णय किया गया है। वैसे डायल 112 की गाड़ियां माघ मेले में भी तैनात रह चुकी हैं लेकिन महाकुंभ में इनकी भूमिका को और वृहद करने का निर्णय लिया गया है।
इसी के तहत 296 वाहनों को मेला क्षेत्र के अलग-अलग प्वाइंटों पर तैनात किया जाएगा। इनके संचालन के लिए डायल 112 का एक कंट्रोल रूम भी मेला क्षेत्र में बनाया जाएगा। डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी इसके प्रभारी होंगे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से यह वाहन आएंगे और दिसंबर के तीसरे पखवारे से इनकी आमद शुरू हो जाएगी।
मेला क्षेत्र में डायल 112 की तैनाती के संबंध में चर्चा करने के लिए बुधवार को एडीजी डायल 112 आईपीएस नीरा रावत शहर पहुंचीं और आला अफसराें संग बैठक की। पुलिस लाइन परिसर स्थित त्रिवेणी सभागार में हुई बैठक में डायल 112 के वाहनों के तैनाती प्वाइंट, पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण समेत तमाम अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों की त्वरित मदद के लिए डायल 112 की टीमें भी जगह-जगह तैनात की जाएंगी। बैठक में एडीजी जोन भानु भाष्कर, पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, एसएसपी कुंभ राजेश द्विवेदी के साथ ही एसपी डायल 112 मोहिनी पाठक भी मौजूद रहीं।