हनुमान जयंती : संगम तट पर लेटे हनुमानजी का भव्य श्रृंगार, दर्शन के लिए लगी लंबी कतार
हनुमान जन्मोत्सव पर एक बार फिर नगरदेव हनुमान लेटे हुए से लेकर विप्र रूप, बालरूप, सर्वांग रूप और दक्षिणमुखी स्वरूप में सजे। मंदिरों से शोभायात्राएं निकाली गई तो शृंगार दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। त्रिवेणी बांध स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर में लेटे हुए हनुमान को फूलों, फलों, मेवों आदि से मनोहारी शृंगार किया गया। मठ के महंत बलवीर गिरि की देखरेख में बहुपात्रों से आरती उतारने के बाद हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया।
वहीं बरगद घाट, मीरापुर स्थित लेटे हुए हनुमान मंदिर में भी हनुमान सेवा समिति की ओर से हनुमत जन्मोत्सव मनाया गया। पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने 51 दीपों से महाआरती उतारी। फिर बृजभान सिंह एंड पार्टी की ओर से सुंदरकांड का पाठ किया गया। बजरंगबली की संगीतमय झांकी सजाई गई। देवेंद्र सिंह चंदेल, सदन लाल श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, हरिमोहन मालवीय, आरके शर्मा, अभिषेक ठाकुर, भोले मालवीय, दिनेश कनौजिया विनय सेठ, सुरेंद्र सिंह आशीष, जगमोहन आदि ने व्यवस्था संभाली।
ललिता देवी मंदिर में अध्यक्ष हरिमोहन मालवीय तथा महामंत्री धीरज नागर की देखरेख में हनुमान लला जयंती पर फूलों, आभूषणों से शृंगार के बाद पंडितों की ओर से वेद पाठ किया गया। हनुमान चालीसा, सुंदरकांड की संगीतमय प्रस्तुति भजन एवं प्रसाद वितरण होगा। इसी तरह हाईकोर्ट हनुमान मंदिर, दारागंज-रामबाग, अतरसुइया में दक्षिण मुखी आदि में विधि विधान से पूजा की गई।
सजी आकर्षक रंगोली
सिविल लाइंस स्थित हनुमत निकेतन मंदिर में सचिव-प्रबंधक सच्चिदानंद मिश्र की देखरेख में धूमधाम से हनुमत जन्मोत्सव मनाया गया। फूलों से हनुमान सजे तो परिसर में आकर्षक रंगोली बनाई गई।
पहलवानों ने किया गदा नृत्य
सेवा समिति की ओर से दारागंज स्थित राजबाड़ी फिटनेस सेंटर में धर्मराज पांडेय की अगुवाई में हनुमत आराधना के बाद पहलवानों ने गदा नृत्य किया। सचिव एवं भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक तीर्थराज पांडेय बच्चा भैया ने संयोजन और विष्णुदयाल श्रीवास्तव ने संचालन किया।
राजरूपपुर व कॉल्विन में भंडारा पर लगी रही होड़
राजरूपपुर विकास समिति हनुमान मंदिर की ओर से सुंदरकांड पाठ, वेद पाठ के बाद घनश्याम द्विवेदी, कमलेश श्रीवास्तव आदि की देखरेख में भंडारा भी हुआ जिसमें प्रसाद के लिए श्रद्धालुओं में होड़ रही। कार्यक्रम में पार्षद मिथिलेश सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। वहीं वहीं कॉल्विन अस्पताल के प्राचीन पंचदेव मंदिर में अर्जुन कनौजिया की देखरेख में पूजन के बाद भंडारा आयोजित किया गया।
दर्शन देने निकले हनुमान लला
हनुमान जयंती पर हनुमत मानस समिति की पहल पर त्रिपौलिया स्थित प्राचीन बालरूप हनुमान मंदिर की ओर से कोविड प्रोटोकाल के तहत आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। फूलों से सजे रथ पर हनुमान चले तो हर कोई दर्शन के लिए आतुर रहा। रास्ते में जगह-जगह उनका आरती-पूजन होता रहा। शाम को रत्नों, आभूषणों से हुए शृंगार दर्शन को होड़ रही।
पंडित किशोर पाठक के आचार्यत्व में इक्कीस ब्राह्मणों के वेदपाठ के बाद महिलाओं की टोली की ओर से भजन और भक्तों की ओर से सामूहिक रूप से सुंदरकांड का पाठ किया गया। नीरज पाठक के संयोजन में सांस्कृतिक केंद्र के कलाकारों की ओर से मनमोहक भजन प्रस्तुत किए गए। रथयात्रा और आरती-पूजन में अनेक न्यायमूर्तियों के अतिरिक्त विभोर अग्रवाल, भरतजी अग्रवाल, श्रीभगवान अग्रवाल, अमित अग्रवाल, राम प्रसाद अग्रवाल आदि मौजूद थे।
वहीं ऊंचामंडी स्थित बालरूप हनुमान मंदिर की ओर से भी रथयात्रा निकाली गई, साथ ही उनका फूलों से मोहक शृंगार किया गया। वहीं कटरा राम लीला कमेटी की ओर से अध्यक्ष सुधीर कुमार गुप्ता, महामंत्री गोपाल बाबू जायसवाल की देखरेख में भारद्वाज आश्रम पर आरती, पूजन के बाद राकेश चौरसिया, राजू, संजय, बच्चा आदि के नेतृत्व में हनुमत शोभायात्रा निकाली गई।