प्रयागराज। किन्नर अखाडे़ की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने मंगलवार को विहिप के मॉड पर ही अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अगर नव गठित ट्रस्ट के जरिए सरकार इस मॉडल पर मंदिर निर्माण नहीं कराती तो देश के करोड़ों लोगों के चंदे से तैयार राम शिलाएं किसी काम की नहीं रह जाएंगी। उन्होंने मंदिर निर्माण पर आरएसएस, विहिप और भाजपा को किसी तरह की राजनीति से बचने की भी सलाह दी।
दोपहर बाद सिविल लाइंस स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में आचार्य महामंडलेश्वर ने दिल्ली विस चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत पर सीएम अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। साथ ही भाजपा को अपनी नीतियों में सुधार लाने के लिए सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार सार्वजनिक उपक्रमों का लगातार निजीकरण करती जा रही है। सरकारी नौकरियों के अवसर तेजी से खत्म हो रहे हैं। यही हाल रहा तो आने वाले समय में आम जन की परेशानियां बढ़ सकती हैं। इस मौके पर नेपाल की महामंडेश्वर हिमांगी सखी मां, प्रयागराज की महामंडलेश्वर टीना मां, कर्मचारी नेता सुनी पांडेय, राजीव मिश्रा उपस्थित थे।