Prayagraj : यमुना की लहरों पर अठखेलियां करेंगी फ्रांस की नाव, जल्द बोट क्लब से होंगी संचालित
यमुना नदी की लहरों पर इस रोइंग खेल की ट्रेनिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अलग-अलग श्रेणियों के 16 बोट्स को विदेश से मंगाया गया है। स्मार्ट सिटी ने फ्रांस से इन 16 नाव को 1.20 करोड़ रुपये की लागत से खरीदा है।
विस्तार
संगमनगरी में वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयागराज स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से रोइंग के खिलाड़ियों के लिए विश्वस्तरीय नावें मंगाई गई हैं। इससे शहर के रोइंग खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिलेगा। विश्वस्तरीय नाव से अभ्यास कर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप अपनी प्रतिभा-कौशल दिखा सकेंगे।
यमुना नदी की लहरों पर इस रोइंग खेल की ट्रेनिंग के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अलग-अलग श्रेणियों के 16 बोट्स को विदेश से मंगाया गया है। स्मार्ट सिटी ने फ्रांस से इन 16 नाव को 1.20 करोड़ रुपये की लागत से खरीदा है। स्मार्ट सिटी ने इसे खेल विभाग को सौंप दिया है। खेल विभाग इसका संचालन करेगा। अभी इन्हें जार्जटाउन स्थित तरणताल में रखा गया है।
बोट क्लब पर नई जेटी का निर्माण हो जाने के बाद इन नाव को बोट क्लब भेज दिया जाएगा, जहां रोइंग के प्रशिक्षक खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। बोट क्लब पर रोइंग के खिलाड़ियों के पास अब तक कुल पांच नाव ही थी। नई नाव के आ जाने के बाद उन्हें अपने खेल में निखार लाने का भरपूर मौका मिलेगा।
प्रतियोगिता के लिए भी हो रही है तैयारी
रोइंग एसोसिएशन के जिला सचिव राजन निषाद का कहना है कि यमुना पर वाटर स्पोर्ट्स की शुरुआत भी की जाएगी। उम्मीद है कि जनवरी-फरवरी तक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बहुत लाभ मिलेगा। यह प्रतियोगिता कोस्ट रोइंग की तर्ज पर होगी। इसमें देशभर के अलग-अलग राज्यों की टीम, विश्वविद्यालय एवं विभागों की टीमों को बुलाया जाएगा।
रोइंग की नर्सरी होगी तैयार
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह का कहना है कि प्रयागराज में रोइंग की नर्सरी तैयार की जाएगी। रोइंग के प्रशिक्षण के लिए खिलाड़ियों का एडमिशन होगा, जिसके बाद उन्हें ट्रेनिंग दी जाएगी। जिन किशोरों और युवाओं का इस खेल में रुझान होगा, वह इसका प्रशिक्षण ले सकेंगे। इन खिलाड़ियों को तैराकी और फीजिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी, जिससे यह मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बने रहें।
-मंगाई गई रोइंग बोट
बोट का नाम - संख्या - कीमत (लाख में)
सिंगल स्कल - चार - 11.75
डबल स्कल - चार - 15.44
कॉक्सलेस पेयर - दो - 09.10
ट्रेनिंग बोट-9 - दो - 05.87
स्कल ओर्स - 24 - 09.62
स्वीप ओर्स - 32 - 14.25
रोइंग एर्सोमीटर - चार - 05.94
जेटी स्माल क्यूब - एक - 21.38