Prayagraj : कानपुर नगर से लापता चार बच्चियां प्रयागराज जंक्शन पर मिलीं, जाना चाहती थीं उज्जैन
कानपुर नगर से लापता चार बच्चियां प्रयागराज जंक्शन पर मिलीं। उज्जैन जाना चाह रही थीं पर गलती से प्रयागराज की ट्रेन में बैठ गई थीं। चारों स्कूली ड्रेस में थीं, घर में बिना बताए निकली थीं। बच्चियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।
विस्तार

जाजमऊ थाने में गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने सूचना प्रयागराज पुलिस को दी थी। आरपीएफ निरीक्षक अमित कुमार मीणा ने स्टेशन पर स्टाफ को चारों की तस्वीरें उपलब्ध कराई थीं। सीसीटीवी फुटेज की मॉनिटरिंग की जा रही थी। चारों बच्चियां प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर शुक्रवार की रात घूमती दिखीं।
इस पर आरपीएफ और जीआरपी के उप निरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में टीम ने चारों को अपनी सुरक्षा में ले लिया। महिला स्टाफ ने पूछताछ की तो बच्चियों ने नाम और पता बताया, जिसकी जानकारी जाजमऊ पुलिस को दी गई।
जाजमऊ थाने से उप निरीक्षक अरुण कुमार ओझा, उप निरीक्षक संकल्प पांडे और महिला पुलिस कर्मियों की टीम प्रयागराज पहुंची। उप निरीक्षक तुलसी प्रसाद सरोज ने चारों को कानपुर पुलिस और उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्रयागराज रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से बच्चियां सुरक्षित अपने घर पहुंच गईं।