चालीस हजार नए वोटरों को जल्द मिलेंगे आईकार्ड
भारत निर्वाचन आयोग ने निर्देश जारी किए हैं कि ऐन चुनाव के वक्त बूथों के चयन आदि काम न किया जाए। इसके लिए पहले से ही तैयारी कर ली जाए और बूथों का फाइनल कर दिया जाए। साथ ही आयोग ने कहा है कि ग्रामीण इलाकों में जिस बूथ पर 1200, शहर में जिस बूथ पर 1400 से अधिक मतदाता हैं, वहां अतिरिक्त बूथ की स्थापना की जाए। वोटर लिस्ट में संशोधन का काम भी समय से पूरा कर लिया जाए। जिन मतदान केंद्रों में बूथ पहले या दूसरे तल पर हैं, वहां से बूथ शिफ्ट किए जाएं और बूथ भूतल पर ही बनाए जाएं। दिव्यांगों के लिए रैम्प की व्यवस्था की जाए और अधिक से अधिक दिव्यांगों को वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए। इसके लिए राजनीतिक दलों का भी सहयोग लिया जाए और बूथों के चयन एवं निर्धारण में सुझाव लिए जाएं।
इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन के अफसरों ने सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें सपा, बसपा, सीपीआई, सीपीएम ने अपनी उपस्थित दर्ज कराई लेकिन कांग्रेस और भाजपा जैसे बड़े दलों से कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम एफआर राम सहाय यादव ने दलों से आग्रह किया कि वे अपनी तरफ से बीएलए (बूथ लेबल एजेंट) की सूची प्रशासन को उपलब्ध करा दें ताकि बीएलए के सहयोग से वोटर लिस्ट में संशोधन आदि का काम किया जा सके। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी केके बाजपेयी ने बताया कि पिछले दिनों जारी वोटर लिस्ट में जिन नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं, उनके आईकार्ड जल्द ही बनकर आ जाएंगे। इस बार कार्ड फैजाबाद से बनकर आएंगे। इसके लिए वोटर लिस्ट और मतदाताओं से संबंधित अन्य जानकारी वेंडर को उपलब्ध करा दी गई है।