प्रयागराज : सिविल लाइंस में रेस्टोरेंट में लगी आग, सिलिंडर में लीकेज से भड़की आग
शहर के सिविल लाइंस के पॉश इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट में आग लग गई। इससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आग लगने का कारण गैस लीकेज बताया जा रहा है। सूचना पाकर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया
विस्तार
सिविल लाइंस में एमजी मार्ग स्थित शामियाना रेस्टोरेंट के किचन में सोमवार को आग लग गई। गैस लीकेज के चलते आग भड़की और देखते ही देखते पूरे किचन में फैल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा सकी। इस दौरान बर्तन व अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गए।
घटना सुबह 11.30 बजे के करीब हुई। रेस्टोरेंट में कर्मचारी रोज की तरह काम में जुटे थे कि तभी आग भड़क उठी। सिलेंडर में लीकेज की वजह से गैस का रिसाव हो रहा था और इसके चलते देखते ही देखते आग पूरे किचन में फैल गई। यह देख कर्मचारी शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागे। आसपास के लोगों की मदद से उन्होंने पानी फेंककर आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे।
सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड भी आ गई और फिर आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव पांडेय ने बताया कि आग गैस लीकेज से लगी थी। कोई हताहत नहीं हुआ है। रेस्टोरेंट में नियम विरुद्ध तरीके से फाइबर की शीट से सजावट की गई है जो ज्वलनशील है। ऐसे में नोटिस देकर तीन दिन के भीतर इसे हटाने को कहा गया है।
ग्राहकों की जान से खेल रहे, अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं
चौंकाने वाली बात यह है कि शहर के सबसे पॉश इलाके में चल रहे इस रेस्टोरेंट के पास अग्निशमन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। सीएफओ राजीव पांडेय नेे बताया कि मानकाें के अनुसार रेस्टोरेंट में अग्निशमन के उपकरण नहीं थे। इस संंबंध में जल्द ही रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस दिया जाएगा।