प्रयागराज : बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म से आहत पिता ने की खुदकुशी, जामुन के पेड़ से लटका मिला शव
बेटी के साथ हुई गंभीर घटना की जानकारी मिलने के बाद पिता मानसिक रूप से परेशान थे। रविवार को उनका शव घर के पास मिला। घटना से परिवार में मातम पसरा है।
विस्तार
बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना से आहत पिता की मौत हो गई। रविवार को उसका शव घर के दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
फाफामऊ क्षेत्र के एक गांव की आठ वर्षीय बच्ची अपनी बुआ के घर नवाबगंज थाना क्षेत्र गई थी। वहां वह बकरी चराते हुए श्रृंगारधाम स्थित निषादराज किले के पास पहुंच गई। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची अपनी बुआ के घर पहुंची और आपबीती बताई। उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी बच्ची के परिजनों को हुई तो वे रविवार को नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे। इसी दौरान घर पर अकेले मौजूद उसके 35 वर्षीय पिता जसवंत सरोज की मौत हो गई। उनका शव घर के दरवाजे पर स्थित जामुन के पेड़ से लटका मिला। जानकारी होने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही जसवंत मानसिक रूप से परेशान थे। जसवंत के तीन बेटे और एक बेटी हैं।
