mahakumbh : माघी पूर्णिमा पर उमड़ी आस्था, 48 करोड़ पार हुआ स्नानार्थियों का आंकड़ा
महाकुंभ में माघी पूर्णिमा पर दोपहर दो बजे तक पौने दो करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने डुबकी लगा ली। श्रद्धालुओं का रेला लगातार बढ़ रहा है। बुधवार तक 46 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं।
विस्तार
माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर बुधवार को आस्था का जन ज्वार उमड़ा। हर तरफ स्नानार्थियों का रेला रहा। भीड़ का अनुमान इससे ही लगाया जा सकता है कि दिन में तीन बजे तक दो करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके थे। इसी के साथ स्नानार्थियों की कुल संख्या भी 48 करोड़ पार हो गई।
महाकुंभ के पांचवें तथा माघ महीने के आखिरी स्नान पर्व पर दो करोड़ लोगों के स्नान की उम्मीद की जा रही थी लेकिन भीड़ इससे कहीं अधिक आई। वाराणसी मार्ग से आने वाले ज्यादातर श्रद्धालुओं को छतनाग घाट तथा टीकरमाफी की तरफ से मोड़ दिया जा रहा था। इसके बावजूद शास्त्री ब्रिज पर लगातार रेला चलता रहा।
हर मार्ग पर देखी गई भीड़
मेला क्षेत्र में काली और त्रिवेणी के अलावा लाल सड़क पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी रही। काली एवं लाल सड़क पर तो चलना भी मुश्किल भरा रहा। यही स्थिति बांध, तथा संगम की तरफ जाने वाले अन्य मार्गों पर भी रही। प्रशासन की लगातार कोशिश रही कि संगम पर श्रद्धालुओं का अत्यधिक दबाव न बनने पाए। इसलिए गंगा के दाेनों तट पर 12 किमी में विस्तार लिए सभी 44 घाटों पर श्रद्धालुओं को डायवर्ट किया गया। स्नानार्थियों के आने का यह क्रम देर शाम तक बना रहा।
श्रद्धालुओं के इस उत्साह के सामने सभी अनुमानित आंकड़ें भी पीछे छूट जा रहे हैं। मंगलवार तक 44.25 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। वहीं बुधवार को दिन में दो बजे तक ही 1.94 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह से बुधवार को दिन में दो बजे कु 48.19 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। जबकि, इसके बाद भी स्नानार्थियों का रेला बना हुआ था।
श्रद्धालुओं पर हुई पुष्प वर्षा
माघी पूर्णिमा पर भी मेला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कराई गई। हेलीकॉप्टर से सुबह करीब आठ बजे पुष्प वर्षा शुरू हुई। रुक-रुककर करीब 20 कुंतल गुलाब की पंखुड़ियां संतों एवं स्नानार्थियों एवं बरसाई गईं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भी हर-हर गंगे और जय श्रीराम का जयघोष करके आभार प्रकट किया।
वार रूम में डटे रहे मुख्यमंत्री, पल-पल की लेते रहे जानकारी
वसंत पंचमी की तरह माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भोर में चार बजे ही लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास के वार रूम में पहुंच गए और पल-पल की जानकारी लेते रहे। उन्होंने डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों के साथ बैठक भी की तथा जरूरी निर्देश दिए। वे अलग-अलग माध्यमों से लगातार अपडेट लेते रहे तथा आवश्यक दिशा निर्देश भी देते रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री का सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान रहा।