प्रयागराज। आंखों की पुतली(इवेल टिशू) में गांठ (यूवीआइटिस) और संक्रमण का नेत्र रोग विशेषज्ञों के पास सटीक इलाज है। रविवार को क्षेत्रीय नेत्र संस्थान मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय(एमडीआई) में हुई वैज्ञानिक संगोष्ठी में देश भर से आए नेत्र विशेषज्ञों ने इस बीमारी यूवीआइटिस के इलाज की नई जानकारियां दीं।
एमडीआई और इलाहाबाद आप्थैल्मोलाजिकल सोसाइटी की ओर से आयोजित संगोष्ठी का शंकर नेत्रालय चेन्नई के डॉ. ज्योर्तिमय विश्वास ने दीप जलाकर उद्घाटन किया। संयोजक और एमएलएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, निदेशक एमडीआई प्रो. डॉ एसपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने आंखों और पुतली संबंधी नेत्र रोगों के उपचार के बारे में नई जानकारियां और अनुभव साझा किए। इस मौके पर नेत्ररोग यूवीआइटिस के उपचार के बारे में शंकर नेत्रालय चेन्नई के डॉ. ज्योर्तिमय विश्वास, डॉ. पीडी मजूमदार, श्रॉफ नेत्र चिकित्सालय दिल्ली की डॉ. मनीषा अग्रवाल आदि ने नए शोध और उपचार की नई विधियां बताईं। पूर्व निदेशक डॉ. आरएन मिश्रा ने आयोजन की सार्थकता बताई। कहा कि इसका लाभ दूर-दूर से आने वाले मरीजों को मिलेगा। विभागाध्यक्ष डॉ. कमलजीत सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर आप्थैल्मोलाजिकल सोसाइटी के सचिव डॉ. आनंद चटर्जी, डॉ. आनंद शुक्ला, डॉ. अजय चड्ढा, डॉ. अपराजिता चौधरी, डॉ. अरुण, डॉ. कपिलदेव, डॉ. कीर्ति भट्ट, डॉ. श्वेता समेत विभाग की छात्राएं और छात्र मौजूद रहे।