यूपीईएसएससी : टीजीटी अंग्रेजी व हिंदी के चयनित अभ्यर्थियों के पैनल में चूक, अब दोबारा होगा परीक्षण
टीजीटी अंग्रेजी और हिंदी के चयनित अभ्यर्थियों के पैनल (कॉलेज आवंटन) जारी करने में चूक होने पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शुक्रवार को सूची हटा ली। आयोग ने बृहस्पतिवार को ही पैनल जारी किए थे।
विस्तार
टीजीटी अंग्रेजी और हिंदी के चयनित अभ्यर्थियों के पैनल (कॉलेज आवंटन) जारी करने में चूक होने पर उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शुक्रवार को सूची हटा ली। आयोग ने बृहस्पतिवार को ही पैनल जारी किए थे। अब आयोग के विशेषज्ञ इसका फिर से परीक्षण करेंगे कि कहां गड़बड़ी हुई है। इसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा किस स्तर पर पैनल को संशोधित करते हुए दोबारा पोर्टल पर अपलोड किया जाए।
मामला प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के चयनित टीजीटी-2022 के अंग्रेजी व हिंदी विषय के अभ्यर्थियों से जुड़ा है। इन दोनों विषयों का मामला कोर्ट में होने की वजह से इसका परिणाम चयन आयोग ने 16 अक्तूबर को जारी किया था।
दोनों विषयों में 557-557 पद शामिल थे। चयन होने के तकरीबन 12 दिन बाद आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों का पैनल आयोग की वेबसाइट पर बृहस्पतिवार को अपलोड किया था। इससे चयनित अभ्यर्थियों को यह पता चल गया था कि किसे किस जिले में और कौन सा कॉलेज आवंटित हुआ है। दूसरे दिन दोपहर बाद चयनित अभ्यर्थियों ने जब पोर्टल पर पैनल देखना चाहा तो वह हटा दिया गया। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह का कहना है कि कुछ त्रुटि होने के कारण पोर्टल से पैनल हटाया गया है। फिर से जांच के बाद जल्द ही इसे अपलोड किया जाएगा।
चार वर्ष बाद पूरी हो रही है भर्ती की प्रक्रिया
वर्ष 2022 में प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 3539 पदों के लिए भर्ती शुरू हुई थी। इस भर्ती को पूरा होने में लगभग चार वर्ष लग गए। कुछ दिन पहले ही हिंदी और अंग्रेजी विषय को छोड़कर सभी विषयों को परिणाम जारी कर दिया गया था। कॉलेज आवंटन भी हो गया लेकिन तमाम अभ्यर्थी ऐसे रहे जिन्हें कॉलेज तो आवंटित हो गया था लेकिन जब वह कॉलेज गए तो पता चला कि उस पद पर पहले ही किसी दूसरे को नियुक्त कर दिया था। अब भी ऐसे अभ्यर्थी चयन आयोग और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय का चक्कर लगा रहे हैं।